
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। “जन समस्याओं का त्वरित और समुचित समाधान जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसमें किसी भी स्तर पर किसी तरह की लापरवाही या अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”
जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने शुक्रवार को समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में आयोजित जन संवाद के दौरान उक्त बातें कही।
जनहित से जुड़े मामले शामिल :
श्री कुशवाहा की अध्यक्षता में आयोजित इस संवाद कार्यक्रम में जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए लोगों ने अपनी शिकायतों समस्याओं एवं मांगों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। जिसमें भूमि विवाद, दाखिल-खारिज, अतिक्रमण, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, राशन कार्ड, विद्युत आपूर्ति, पेयजल, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, राजस्व आदि जनहित से जुड़े मामले शामिल थे।
दिए निर्देश :
इस क्रम में जिलाधिकारी ने प्रत्येक समस्या को गंभीरतापूर्वक सुनते हुए संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को सभी मामलों का समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
अनावश्यक विलंब से बचा जाए :
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि, प्राप्त आवेदनों का नियमित अनुश्रवण करते हुए नियमानुसार शीघ्र कार्रवाई करें तथा आवेदकों को की गई कार्रवाई की जानकारी भी उपलब्ध कराएं। साथ ही उन्होंने कहा कि जिन मामलों का समाधान स्थानीय स्तर पर संभव है, उनका तत्काल निष्पादन सुनिश्चित किया जाए तथा जटिल मामलों में विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए अनावश्यक विलंब से बचा जाए।
उपस्थिति :
जन संवाद में अपर समाहर्ता ब्रजेश कुमार, जिला पंचायत राज पदाधिकारी विष्णु देव मंडल, राजस्व प्रभारी धर्मराज सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।