
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। “पथ विचलन के दौरान व्यवसायिक गतिविधियों पर किसी प्रकार का प्रभाव न पड़े, इसके लिए परिवहन मार्गों को सुगम बनाया जाएगा तथा आवश्यकता के अनुसार प्रशासन द्वारा हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा। ओवर ब्रिज मरम्मत कार्य के दौरान अबाध व्यावसायिक गतिविधियां और सुरक्षित एवं व्यवस्थित यातायात सुनिश्चित करना प्रशासन का प्राथमिक लक्ष्य है।”
एसडीओ ने कब और किससे कहा :
अनुमंडल पदाधिकारी दिलीप कुमार ने बुधवार को शहर के बाजार समिति के व्यवसायियों के साथ आयोजित एक बैठक के दौरान उक्त बातें कही। वे जिले की लाइफ लाइन, उत्तरी और दक्षिणी समस्तीपुर को जोड़ने वाले ओवर ब्रिज के मरम्मती के दौरान प्रस्तावित रोड डायवर्जन एवं यातायात व्यवस्था को लेकर आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।
गुजरते हैं प्रतिदिन हजारों छोटे–बड़े वाहन :
बताते चलें कि, सन् 1970 ई० में स्थापित करीब 56 वर्षों से शहर के दो हिस्सों को जोड़े रखने की जिम्मेदारी निभाने वाला यह ओवर ब्रिज अब जर्जर हो चुका है। विदित हो कि, जिले को दरभंगा सहित विभिन्न जिलों को जोड़ने वाले इस पुल से प्रतिदिन हजारों छोटे–बड़े वाहनों का आवागमन होता है।
बैठक का उद्देश्य :
बैठक का मुख्य उद्देश्य रोड डायवर्जन के दौरान शहर की अबाध आवागमन व परिवहन की व्यवस्था सुनिश्चित करना तथा आवश्यक व्यवस्था पर विचार-विमर्श एवं व्यवसायियों की चिंताओं को दूर करना था।
आम नागरिकों एवं व्यवसायियों को न हो परेशानी :
बैठक में उपस्थित व्यवसायियों ने भी अपने सुझाव एवं समस्याएँ प्रशासन के समक्ष रखीं। अनुमंडल पदाधिकारी ने सभी सुझावों को गंभीरता से लेते हुए कहा कि जनहित एवं व्यापारिक गतिविधियों के बीच संतुलन बनाए रखते हुए रोड डायवर्जन की व्यवस्था लागू की जाएगी। ताकि आम नागरिकों एवं व्यवसायियों दोनों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
संकल्प :
बैठक में प्रशासन एवं व्यवसायियों ने परस्पर समन्वय के साथ यातायात व्यवस्था को सफल बनाने का संकल्प लिया। बैठक में प्रदीप साह शिवे सहित कई गणमान्य व्यावसायी मौजूद थे।