
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। “जिले के लोगों को आईवीएफ और उन्नत प्रजनन उपचार के लिए दिल्ली, पटना या अन्य महानगरों की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। उन्हें वैज्ञानिक, सुरक्षित, पारदर्शी और संवेदनशील चिकित्सा सेवाएं अपने ही शहर में उपलब्ध होंगी।”
शहर के मोहनपुर स्थित स्मृति आईवीएफ के का उद्घाटन सह लोकार्पण करते हुए मुख्य अतिथि उपमुख्य मंत्री विजय कुमार चौधरी ने अपने संबोधन में उक्त बातें कही।
हर घर में किलकारी गूंजे :
इस दौरान उन्होंने कहा कि “एक स्त्री केलिए सबसे गौरव का पल होता है जब वह मां बनती है। नि:संतानता किसी स्त्री के लिए सबसे बड़ी कष्टप्रद स्थिति है। लोग उस स्त्री के लिए क्या क्या बातें बनाते हैं, क्या क्या लांछन लगाते हैं यह सब जानते हैं। सृष्टि के अबाध संचालन के लिए आवश्यक है कि हर स्त्री को मातृ सुख मिले और हर घर में किलकारी गूंजे।”
नि:संतान दंपत्ति के लिए वरदान :
शहर में निः संतान दंपत्ति के जीवन में संतान की खुशी भरने के संकल्प के साथ डॉ. स्मृति स्पर्श की सराहना करते हुए श्री चौधरी ने कहा कि, “मुझे विश्वास है कि हमारे जिले में आधुनिक सुविधाओं से लैस यह संस्थान जिला ही नहीं आसपास के जिलों के नि: संतान दंपत्ति के लिए भी वरदान सिद्ध होगा।”
राष्ट्रीय सम्मान से सम्मानित :
बताते चलें कि, जिलेवासियों के लिए रविवार का दिन स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक नई उपलब्धि लेकर आया जब, शहर में अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित स्मृति आईवीएफ एंड फर्टिलिटी सेंटर का बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने फीता काट कर उद्घाटन किया। इस अवसर पर श्री चौधरी ने कहा कि, “डॉ. स्मृति स्पर्श की समर्पित चिकित्सा सेवा और बांझपन एवं सहायक प्रजनन तकनीकों के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए हाल ही में राष्ट्रीय सम्मान से सम्मानित किया गया है।”
सराहनीय पहल :
श्री चौधरी ने कहा कि, “आज भी समाज में जब बांझपन को अभिशाप माना जाता है, ऐसे में समस्तीपुर में इस आधुनिक आईवीएफ सेंटर की स्थापना एक सराहनीय पहल है।”

अंतरराष्ट्रीय मानकों पर आधारित उपचार प्रणाली :
उद्घाटन के पश्चात शहर के एक सभागार में आयोजित लोकार्पण समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर किया गया। उच्च माध्यमिक विद्यालय बेला पंचरुखी के संगीत शिक्षक मंगलेश कुमार एवं छात्रों द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत के बाद अपने स्वागत संबोधन में सेंटर की संस्थापक एवं चिकित्सा निदेशक डॉ. स्मृति स्पर्श ने कहा कि, “स्मृति आईवीएफ एंड फर्टिलिटी सेंटर आधुनिक तकनीक, अनुभवी विशेषज्ञों और अंतरराष्ट्रीय मानकों पर आधारित उपचार प्रणाली से सुसज्जित है।
अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध :
यहां पुरुष एवं महिला दोनों के बांझपन की संपूर्ण जांच एवं उपचार, टेस्ट-ट्यूब बेबी (आईवीएफ), स्पर्म एवं एम्ब्रियो फ्रीजिंग, गर्भधारण पूर्व एवं गर्भावस्था परामर्श, व्यक्तिगत काउंसलिंग तथा वैज्ञानिक उपचार की अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी।”
स्वागत सम्मान :
समारोह के दौरान डॉ. स्पर्श ने उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी सहित तमाम अगस्त अतिथियों को मैथिल परंपरानुसार शाल, पाग, पौधा एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर “नई सुबह मातृत्व की” पुस्तक का लोकार्पण भी किया गया। इसी क्रम में मिथिला पेंटिंग के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए कुन्दन राय, उत्कृष्ट मंच संचालन के लिए प्रधानाध्यापक अनंत कुमार राय तथा संगीत शिक्षक मंगलेश कुमार को उपमुख्यमंत्री द्वारा सम्मानित किया गया। साथ ही स्वागत गीत में शामिल आरुषि आर्या, रुचि कुमारी, सोनाली कुमारी, रानी कुमारी, नव्या कुमारी, अंजली कुमारी, विधांशु कुमारी, प्रीति कुमारी, नंदनी कुमारी, अंशु कुमारी को भी उपहार से सम्मानित किया गया। अंत में उच्च शिक्षा विभाग के सचिव राजीव रौशन ने अतिथियों का आभार जताते हुए धन्यवाद ज्ञापन किया।
उपस्थिति :
मौके पर स्थानीय विधायक अश्वमेध देवी, मोहिउद्दीन नगर विधायक राजेश कुमार सिंह, हसनपुर विधायक राजकुमार राय, विधान पार्षद डॉ. तरुण कुमार, जिला परिषद अध्यक्ष खुश्बू कुमारी, धार्मिक न्यास परिषद के सदस्य सायन कुणाल, भाजपा कृषि प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष राम सुमिरन सिंह, जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा, पुलिस अधीक्षक अरविंद सिंह, उप विकास आयुक्त सूर्य प्रताप सिंह, प्रखंड विकास पदाधिकारी सुप्रभात कुमार, अनस रिजवान, डॉ. अमित कुमार मुन्ना, सहित कई चिकित्सक व बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
