
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय परिसर मंगलवार को क्रिकेट के रंग में सराबोर रहा। हो भी क्यों नहीं, 13 जून से आरम्भ ‘आरपीसीएयू प्रीमियर लीग -2026’ टूर्नामेंट का ग्रैंड फिनाले सह प्राइज डिस्ट्रीब्यूशन समारोह का आयोजन जो था। जी हां! 10 दिनों से चल रहे आरपीएल 26 का डीआरपीसीएयू स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में हर्षोल्लास, उत्साह व उमंग के बीच पुरस्कार वितरण के साथ भव्य समारोह पूर्वक सम्पन्न हो गया।
कम्युनिटी राइनोस ने जीता खिताब :
दोपहर 3:00 बजे शुरू हुए फाइनल मुकाबले में कम्युनिटी राइनोस और बायो फॉल्कन्स आमने सामने थे। जिसमें कम्युनिटी राइनोस ने बेहद रोमांचक मुकाबले बायो फॉल्कन्स पर 13 रनों से खिताबी जीत दर्ज की। इसके पूर्व, टॉस जीत कर कम्युनिटी राइनोस ने 20 ओवर में 88 रन बनाए जवाब में बायो फॉल्कन्स की पूरी टीम 75 रनों पर ही सिमट गई। बायो फॉल्कन्स के आकाश मैन ऑफ द टूर्नामेंट रहे। खेल के दौरान हर चौके-छक्के पर दर्शकों के तालियों और “आरपीसीएयू- 2के26” के नारों से पूरा परिसर गुंजायमान रहा।
टूर्नामेंट में 6 टीमें हुई शामिल :
इस टूर्नामेंट में एग्री लॉयन्स, टेक टाइगर्स, ग्रीन वॉरियर्स, बिजनेस बुल्स, कम्युनिटी राइनोस, और बायो फॉल्कन्स – छह टीमों ने भाग लिया था। 10 दिनों तक चले लीग और नॉकआउट मैचों में खिलाड़ियों ने खेल भावना, अनुशासन और प्रतिस्पर्धात्मक उत्कृष्टता का परिचय दिया।
हारने वाली टीम भी विजेता :
फाइनल के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. पुण्यव्रत सुविमलेन्दु पाण्डेय ने विजेता व उपविजेता टीम को ट्रॉफी और मेडल प्रदान किए। इस क्रम में उन्होंने कहा कि,
“आज का मैच केवल जीत-हार का नहीं था, यह हमारे छात्रों, वैज्ञानिकों और शिक्षकों की मेहनत, टीम वर्क और खेल भावना का प्रतीक था। प्रीमियर लीग ने साबित कर दिया कि कृषि विश्वविद्यालय के छात्र पढ़ाई के साथ-साथ खेल में भी अव्वल हैं। मैदान पर दिखा अनुशासन और एकता भविष्य में उन्हें हर क्षेत्र में सफल बनाएगा। हारने वाली टीम भी हमारे लिए विजेता है क्योंकि उन्होंने खेल को खेल की भावना से खेला।”
आगे भी होंगे ऐसे टूर्नामेंट आयोजित :
छात्र कल्याण अधिष्ठाता डॉ. रमन त्रिवेदी ने आयोजन की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा, “इस खेल का मुख्य उद्देश्य छात्रों को तनावमुक्त करना और खेल संस्कृति को बढ़ावा देना था। क्वार्टर फाइनल से फाइनल तक हर मैच रोमांचक रहा। छात्र कल्याण विभाग आगे भी ऐसे टूर्नामेंट आयोजित करेगा ताकि छात्रों का सर्वांगीण विकास हो।”
पढ़ाई और खेल साथ-साथ :
पीजीसीए के अधिष्ठाता डॉ. मयंक राय ने स्नातकोत्तर छात्रों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि, “शोध और लैब वर्क के बीच समय निकालकर छात्रों ने दिखाया कि पढ़ाई और खेल साथ-साथ चल सकते हैं। स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क रहता है और आज के वैज्ञानिक के लिए फिट रहना जरूरी है। इस प्रीमियर लीग ने कैंपस में जो ऊर्जा भरी है, वह शोध की गुणवत्ता भी बढ़ाएगी।”
अंपायरों का आभार :
विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस सफल आयोजन के लिए सभी मैच अंपायरों का विशेष आभार व्यक्त किया। जिनके निष्पक्ष, व पारदर्शी निर्णयों ने खेल की सुचिता और गरिमा बनाए रखी। जिसके दम पर आरपीएल–2026 ने विश्वविद्यालय परिवार को एक सूत्र में बांधकर खेल प्रतिभा, अनुशासन, सौहार्द और निष्पक्ष प्रतिस्पर्धा का उत्सव मनाया। यह आयोजन निश्चित रूप से के खेल इतिहास में एक महत्वपूर्ण अध्याय के रूप में दर्ज रहेगा।