
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। गुरुवार की सुबह हुई झमाझम बारिश के साथ बिहार में भी मानसून का प्रवेश हो गया। मगर कमजोर मौसमीय सिस्टम के कारण फिलहाल आने वाले 5 दिनों में अच्छी बारिश के आसार नहीं हैं। हां! आगामी 5दिनों में आसमान में हल्के या मध्यम बादल छाए रह सकते हैं। वहीं उत्तर बिहार के जिलों में 13-15 जून के दरम्यान, हल्की बारिश के साथ गरज, वज्रपात एवं तेज झोंकेदार हवा चल सकती है।
पूर्वानुमान जारी :
इस बाबत जिले के डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय पूसा स्थित ग्रामीण कृषि मौसम सेवा, एवं भारत मौसम विज्ञान विभाग के सहयोग से जलवायु परिवर्तन पर उच्च अध्ययन केंद्र ने आगामी 17 जून, 2026 तक के मौसम पूर्वानुमान जारी किया है। जिसके अनुसार,
हल्की से मध्यम वर्षा के आसार :
बिहार में गुरुवार को मानसून का प्रवेश हो गया है। मगर कमजोर मौसमीय सिस्टम के कारण इस क्षेत्र में अच्छी वर्षा की संभावना नहीं है। मानसून के प्रभाव से पूर्वानुमान की अवधि के अधिकांश समय आसमान में हल्के से मध्यम बादल छाये रह सकते है। साथ ही 13 से 15 जून के बीच, गरज, वज्रपात एवं तेज झोंकेदार हवाओं के साथ उत्तर बिहार के जिलों में कहीं-कहीं पर हल्की वर्षा होने की संभावना है। एक-दो स्थानों पर मध्यम वर्षा हो सकती है।
तापमान, हवा की रफ्तार और दिशा :
अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान 30⁰ सेल्सियस से 32° सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। जबकि बेगूसराय एवं सारण जिलों में तापमान 34⁰ से 36° सेल्सियस तक पहुँच सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान 22⁰ से 26° सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। इस दौरान मुख्य रूप से 12-18 किमी प्रति घंटा की गति से पुरवा हवा चलने की संभावना है।
आर्द्रता :
सुबह में सापेक्षिक आर्द्रता 75-80 प्रतिशत तथा दोपहर में सापेक्षिक आर्द्रता 30-35 प्रतिशत रहने का अनुमान है।
सुझाव :
मानसून के आगमन पर किसानों को सलाह देते हुए नोडल पदाधिकारी डॉ अब्दुस सत्तार ने कहा है कि, धान की खेती केलिए वे अपने खेतों एवं मेड़ों की समुचित तैयारी कर लें। साथ ही, आगामी दिनों में वर्षा की संभावना को देखते हुए कटी हुई फसलों को अच्छी तरह सुखाकर सुरक्षित भंडारण सुनिश्चित करें। फसलों में सिंचाई कार्य स्थगित रखें तथा सब्जियों के खेतों से जल निकास की समुचित व्यवस्था बनाए रखें, ताकि जलजमाव से फसलों को नुकसान न हो। साथ ही वर्षा की संभावना दिखने पर सुरक्षित स्थानों पर शरण लें।