
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। केंद्रीय चयन परिषद (सिपाही भर्ती), पटना द्वारा जारी विज्ञापन संख्या 03/2025 के अंतर्गत मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग, कारा एवं सुधार सेवाएं निरीक्षणालय तथा परिवहन विभाग में सिपाही के रिक्त पदों पर नियुक्ति हेतु लिखित परीक्षा दिनांक 14 जून 2026 एवं 17 जून 2026 को 15 केंद्रों पर आयोजित की जाएगी।
दो पालियों में होगी परीक्षा :
इस परीक्षा के सफल संपादन को लेकर तमाम प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई है। जिले में कुल 15 परीक्षा केंद्रों पर यह परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी। जिसमें प्रथम पाली की परीक्षा पूर्वाह्न 10:00 बजे से 12:00 बजे तथा द्वितीय पाली की परीक्षा अपराह्न 3:00 बजे से 5:00 बजे तक संचालित की जाएगी।
परीक्षा संचालन संबंधी समीक्षा बैठक :
परीक्षा के सफल एवं शांतिपूर्ण संचालन हेतु श्री सूर्य प्रताप सिंह को समन्वय कार्य के लिए प्रतिनियुक्त किया गया है। जो परीक्षा संयोजक को आवश्यक सहयोग प्रदान करेंगे। इसी क्रम में आज समाहरणालय सभागार में अपर समाहर्ता ब्रजेश कुमार की अध्यक्षता में विधि-व्यवस्था एवं परीक्षा संचालन संबंधी समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
दिए गए आवश्यक निर्देश :
बैठक में उपस्थित सभी केंद्राधीक्षकों, दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को परीक्षा की शुचिता, निष्पक्षता एवं पारदर्शिता बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही विभाग द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करते हुए शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त वातावरण में परीक्षा संपन्न कराने का निर्देश दिया गया।
उपस्थिति :
बैठक में नोडल पदाधिकारी सह भूमि सुधार उप समाहर्ता ऋषभ राज, जिला शिक्षा पदाधिकारी कामेश्वर प्रसाद गुप्ता सहित सभी संबंधित पदाधिकारी एवं केंद्राधीक्षक उपस्थित थे।