
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। मरम्मत कार्य के दौरान बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन प्रभावित हो सकता है, इसलिए वैकल्पिक मार्गों पर आवश्यक मरम्मत एवं रखरखाव कार्य प्राथमिकता के आधार पर किए जाएं, ताकि मरम्मत अवधि के दौरान आम नागरिकों, स्कूली वाहनों, एंबुलेंस, अग्निशमन वाहनों तथा अन्य आवश्यक सेवाओं सहित आम आदमी को आवागमन में किसी प्रकार की बाधा उपस्थित न हो।
समयबद्ध तरीके से आवश्यक तैयारियां करें पूरी :
जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने रविवार को समस्तीपुर नगर क्षेत्र स्थित रेलवे ओवर ब्रिज के मरम्मत कार्य को ध्यान में रखते हुए स्थल निरीक्षण के दौरान उक्त बातें कही। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को वैकल्पिक मार्गों की पहचान कर उन्हें यथाशीघ्र उपयोग योग्य बनाने का निर्देश दिया और कहा कि, सभी विभाग आपसी समन्वय स्थापित करते हुए समयबद्ध तरीके से आवश्यक तैयारियां पूरी करें।
वैकल्पिक मार्गों का गहन निरीक्षण :
संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कार्यपालक अभियंताओं के साथ स्थल निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मरम्मत कार्य के समय यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने तथा आमजन को होने वाली संभावित असुविधाओं को कम करने के उद्देश्य से विभिन्न वैकल्पिक मार्गों का गहन निरीक्षण किया।
उपाय करने का निर्देश :
साथ ही उन्होंने वैकल्पिक मार्गों पर सड़क की स्थिति, जल निकासी, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा संकेतक, बैरिकेडिंग एवं यातायात नियंत्रण संबंधी व्यवस्थाओं का विशेष रूप से आकलन कर तत्संबंधी उपाय करने का निर्देश दिया।
समतलीकरण व सुदृढ़ीकरण :
इस क्रम में उन्होंने यातायात पुलिस एवं जिला प्रशासन के अधिकारियों को भी समुचित ट्रैफिक प्रबंधन की कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विशेष रूप से निर्देश दिया कि वैकल्पिक मार्गों पर यदि कहीं अतिक्रमण पाया जाता है तो उसे अविलंब हटाना सुनिश्चित किया जाए। साथ ही उन्होंने संबंधित अधिकारियों को वैकल्पिक मार्गों की चौड़ीकरण, समतलीकरण एवं आवश्यकतानुसार सुदृढ़ीकरण का कार्य शीघ्र पूर्ण कराने का निर्देश दिया।
दें वैकल्पिक मार्गों एवं यातायात व्यवस्था संबंधी जानकारी :
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता आम जनता को न्यूनतम असुविधा के साथ सुरक्षित एवं सुगम आवागमन उपलब्ध कराना है। इसलिए मरम्मत कार्य आरंभ होने से पूर्व वैकल्पिक मार्गों एवं यातायात व्यवस्था संबंधी जानकारी व्यापक रूप से आमजन तक पहुंचाई जाए, ताकि लोगों को पूर्व से ही आवश्यक जानकारी उपलब्ध हो सके।
अधिकारियों ने भी दिए सुझाव :
इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी समस्तीपुर दिलीप कुमार, विशेष कार्य पदाधिकारी अली एकराम, संबंधित विभागों के सभी कार्यपालक अभियंता, जिला प्रशासन के अन्य अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे। सभी अधिकारियों ने स्थल पर उपलब्ध परिस्थितियों का अवलोकन करते हुए आवश्यक सुझाव दिए।