
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर । आगामी बाढ़ एवं सुखाड़ की संभावित स्थिति को ध्यान में रखते हुए मंगलवार को समाहरणालय सभागार में प्रभारी सचिव प्रणव कुमार के नेतृत्व में आपदा प्रबंधन विभाग की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई।
आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई हो सुनिश्चित :
इस दौरान प्रभारी सचिव ने सभी संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को आपदा की संभावित परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा सभी तैयारियां समयबद्ध रूप से पूर्ण करने का निर्देश दिया। इस क्रम में उन्होंने कहा कि, “आपदा प्रबंधन से संबंधित सभी संसाधन एवं व्यवस्थाएं पूर्व से ही सुदृढ़ एवं क्रियाशील रहनी चाहिए। ताकि आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।”
तैयारी और हालात की समीक्षा :
इसके पहले जिलाधिकारी रौशन कुशवाहा ने प्रभारी सचिव प्रणव कुमार का मैथिल परंपरानुसार शॉल, पाग आदि से अभिनन्दन किया। तत्पश्चात प्रभारी सचिव प्रणव कुमार ने आपदा प्रबंधन से संबंधित विभिन्न बिंदुओं की विस्तृत एवं गहन समीक्षा की। समीक्षा के क्रम में बाढ़ की स्थिति में नावों की उपलब्धता, पशुओं हेतु चारा की व्यवस्था, विभिन्न स्लूइस गेटों की वर्तमान स्थिति, जल निकासी की व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक तैयारियों का बारीकी से आकलन किया गया।
उपस्थिति :
बैठक में जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा, एडीएम ब्रजेश कुमार, राजेश कुमार सिंह, सिविल सर्जन समस्तीपुर सहित सभी संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।