
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। समाहरणालय परिसर स्थित सभागार में शनिवार को जिला 20 सूत्री कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति की बैठक आयोजित की गई। प्रभारी मंत्री दामोदर रावत की अध्यक्षता में सम्पन्न बैठक हंगामेदार रही। इस दौरान विकास योजनाओं की समीक्षा के साथ-साथ जनप्रतिनिधियों ने जिले की कई महत्वपूर्ण समस्याओं को जोरदार ढंग से उठाया।

स्वागत और उद्घाटन :
प्रभारी मंत्री का जिलाधिकारी रौशन कुशवाहा ने पाग, शॉल, पौधा एवं मिथिला पेंटिंग से स्वागत किया, तत्पश्चात तमाम गणमान्य अतिथियों को पौधा प्रदान कर सम्मानित किया गया। स्वागत सम्मान की औपचारिकता के बाद श्री रावत सहित गणमान्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया।
प्रगति प्रतिवेदन :
बैठक की शुरुआत में प्रभारी मंत्री ने पिछले बैठक की कार्यवाही की समीक्षा करते हुए सदस्यों से सुझाव और प्रस्ताव आमंत्रित किए। तत्पश्चात जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों का प्रगति प्रतिवेदन प्रस्तुत किया।
अतिक्रमण :
बैठक की कार्यवाही के दौरान समिति सदस्य बनारसी ठाकुर ने बूढ़ी गंडक नदी क्षेत्र में बने मकानों तथा ताजपुर रोड पर बढ़ते अतिक्रमण का मुद्दा उठाते हुए कहा कि, “ शहर में अतिक्रमण के कारण आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।”
प्रशासन पर लापरवाही का आरोप :
वहीं विधान परिषद सदस्य डॉ. तरुण कुमार ने भी प्रशासनिक कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि, “वे पिछले तीन वर्षों से इस विषय पर जवाब मांग रहे हैं, लेकिन अब तक न जवाब दिया गया है और न ही कोई ठोस कार्रवाई की गई है।”
सड़क निर्माण :
राष्ट्रीय लोक मोर्चा के विनोद चौधरी ने सरायरंजन में सड़क निर्माण का मुद्दा उठाते हुए कहा कि, “एक वर्ष पूर्व सड़क निर्माण का आश्वासन दिया गया था, लेकिन आज तक कार्य शुरू नहीं हो सका।”
रोसड़ा बाई पास :
रोसड़ा विधायक वीरेंद्र कुमार ने कहा कि, “पिछले तीन वर्षों से रोसड़ा बाईपास के निर्माण की मांग की जा रही है, लेकिन प्रशासनिक स्तर पर अब तक कोई सार्थक पहल नहीं की गई।”
उपस्थिति :
इस अवसर पर कल्याणपुर विधायक महेश्वर हजारी, समस्तीपुर सांसद शांभवी चौधरी, मेयर अनीता राम, समस्तीपुर विधायक अश्वमेध देवी, मोहिउद्दीन नगर विधायक राजेश सिंह, हसनपुर विधायक राजकुमार राय, 20 सूत्री उपाध्यक्ष दुर्गेश राय, उपेंद्र कुशवाहा सहित विभिन्न निकायों के अध्यक्ष, समिति सदस्य एवं जिले के सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।