
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। जिले के हसनपुर थाना क्षेत्र में एक दुष्कर्म मामले में प्राथमिकी दर्ज करने में एक माह तक टाल मटोल करना थानाध्यक्ष को भारी पड़ गया। इस मामले में आरक्षी निरीक्षक अकमल खुर्शीद को समस्तीपुर एसपी अरविंद प्रताप सिंह ने कार्य में लापरवाही के आरोप में निलंबित कर दिया है।
रोसड़ा अंचल आरक्षी निरीक्षक को प्रभार :
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, दुष्कर्म मामले में पीड़िता की शिकायत पर रोसड़ा एसडीपीओ संजय कुमार सिन्हा ने मामले की जांच कर एसपी को रिपोर्ट सौंपी थी। उसी रिपोर्ट के आधार पर निलंबन की कार्रवाई की गई है। उनकी जगह फिलहाल किसी की तैनात नहीं किया गया है। तात्कालिक रूप से थाना संचालन की जिम्मेदारी रोसड़ा अंचल आरक्षी निरीक्षक मनोज कुमार को सौंपी गई है।
पीड़िता ने की थी धमकाए जाने की शिकायत :
इस मामले में मिली जानकारी के मुताबिक एक किशोरी के साथ दुष्कर्म मामले में लंबे समय तक थानाध्यक्ष ने प्राथमिकी दर्ज नहीं की थी। घटना के करीब एक महीने बाद वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने पर मामला तुल पकड़ा था। इसी बीच आरोपी युवक का हथियार के साथ भी वीडियो वायरल हुआ था। साथ ही पीड़िता ने आरोपियों द्वारा धमकाए जाने की शिकायत भी की थी।
अन्य और भी मामलों में चल रही कार्रवाई :
पीड़िता द्वारा शिकायत किए जाने पर भी हसनपुर थानाध्यक्ष प्राथमिकी दर्ज करने में टालमटोल करते रहे थे। वीडियो वायरल होने के बाद मामले की प्राथमिकी दर्ज की गई और पीड़िता का मेडिकल जांच कराया गया था। रोसड़ा एसडीपीओ श्री सिन्हा ने अपने जांच प्रतिवेदन में इसकी पुष्टि की थी। उन्होंने बताया कि, श्री खुर्शीद पर अन्य और भी मामलों में कार्रवाई चल रही थी।