
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। शहर के ताजपुर रोड में चल रहे आरओबी (रेलवे ओवरब्रिज) निर्माण कार्य से स्थानीय लोगों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। इसको लेकर मिली जनशिकायतों के बाद बुधवार को नगर निगम के नगर आयुक्त ज्ञान प्रकाश ने निर्माण स्थल का जायजा लिया।
अधिकारियों को लगाई जमकर फटकार :
इस दौरान प्रोफेसर कॉलोनी गली नंबर-1 की बदहाल स्थिति देख बिफरे नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई। इस क्रम में उन्होंने कहा कि, “जन सुविधा की उपेक्षा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पाईप लाइन और क्षतिग्रस्त सड़क का तत्काल मरम्मत सुनिश्चित करें।”
स्थानीय लोगों की शिकायत :
इस दौरान स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि, बिना वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था किए निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है, जिससे आपात स्थिति में एम्बुलेंस और मरीजों के आवागमन में भारी परेशानी हो रही है। आरओबी निर्माण के दौरान बार-बार ‘नल-जल’ योजना की पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो रही है, जिससे भीषण गर्मी में पेयजल संकट गहरा गया है। वहीं सड़क को समतल नहीं किए जाने से गड्ढों में तब्दील सड़क पर आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं।
गुणवत्ता की हो नियमित जांच :
लोगों की शिकायत है कि अस्थाई ह्यूम पाइप हटाकर मुख्य नाले को जल्द दुरुस्त नहीं किया गया तो पहली ही बारिश में करीब आठ हजार की आबादी जलजमाव की समस्या से प्रभावित हो सकती है। इस दौरान लोगों ने आरओबी निर्माण कार्य की गुणवत्ता की नियमित जांच कराने की भी मांग उठाई।
जल जमाव का स्थाई समाधान :
मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर आयुक्त श्री प्रकाश ने लोगों को आश्वस्त किया कि, “जनहित और जन सुविधा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।” उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जलजमाव की समस्या के स्थायी समाधान के साथ-साथ क्षतिग्रस्त पाइपलाइन और सड़क की तत्काल मरम्मत कराने का निर्देश दिया।
उपस्थिति :
निरीक्षण के दौरान समाजसेवी विजय कुमार उर्फ घुनचुन यादव, पूर्व वार्ड पार्षद अशोक मिश्रा तथा भाजपा नेता प्रशांत कुमार समेत स्थानीय लोगों ने नगर आयुक्त का कई अन्य समस्याओं की ओर भी ध्यानाकर्षण कराया। मौके पर रवि पांडेय, सुमित, राकेश, प्रकाश झा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद थे।