
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। भीषण गर्मी और उमस से आम जनजीवन प्रभावित होने लगा है। ऐसे में जिला प्रशासन ने सरकारी व गैरसरकारी सहित सभी कोटि के शिक्षण संस्थानों में 11 बजे के बाद स्कूलों में पठन-पाठन पर रोक लगा दी है। साथ ही अभिभावकों से बच्चों को तेज धूप से बचाने और आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है।
शैक्षणिक गतिविधियों पर रोक :
जी हां! जिले में लगातार बढ़ रहे तापमान और भीषण गर्मी को देखते हुए जिला प्रशासन ने उक्त निर्णय लिया है। इस सम्बन्ध में आदेश जारी करते हुए जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने जिले के सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों, कोचिंग संस्थानों, प्री-स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्रों में पूर्वाह्न 11 बजे के बाद शैक्षणिक गतिविधियों पर रोक लगा दी है।
23 मई तक प्रभावी :
इस क्रम में डीएम ने विद्यालय प्रबंधन को निर्देश दिया है कि, प्रचंड गर्मी को देखते हुए शैक्षणिक गतिविधियों को पुनर्निर्धारित करें। यह आदेश 19 मई 2026 से लागू होकर 23 मई 2026 तक प्रभावी रहेगा।
बीएनएस की धारा 163 के तहत आदेश :
जारी आदेश में कहा गया है कि, “दोपहर के समय पड़ रही भीषण गर्मी बच्चों के स्वास्थ्य और जीवन पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकती है। इसी को ध्यान में रखते हुए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत यह आदेश दिया गया है।“
होगी निगरानी :
जिला प्रशासन ने सभी विद्यालयों, मदरसों, संस्कृत विद्यालयों तथा कोचिंग संचालकों को आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने को कहा है। साथ ही जिला शिक्षा पदाधिकारी समेत संबंधित अधिकारियों को भी निगरानी का निर्देश दिया गया है।