
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। महिला आरक्षण विधेयक 2023 लोकसभा से पारित होने के बावजूद भाजपा सरकार द्वारा नहीं लागू करने के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओ ने गुरुवार को जबरदस्त विरोध प्रदर्शन किया। इस क्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता अंबेडकर स्थल से प्रदर्शन करते हुए कचहरी रोड के रास्ते महापौर अनिता राम के आवास के समक्ष पहुंचे जहां उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन किया।
मुंह में कुछ मन में कुछ और :
प्रदर्शन व पुतलदहन कार्यक्रम का नेतृत्व करते हुए जिला अध्यक्ष शहरी अनिता राम ने अपने संबोधन में कहा कि, “केंद्र की भाजपा सरकार का महिलाओं के प्रति दोहरा चरित्र उजागर हो गया है। मुंह में कुछ मन में कुछ और यही इनका असली चेहरा है।”
भाजपा सरकार का महिला विरोधी चेहरा बेनकाब :
उन्होंने कहा कि, “महिलाओं के प्रति दोहरी नीति का ज्वलंत और जीवंत प्रमाण है कि, महिला आरक्षण कानून 2023 में संसद के दोनों सदनों ने पास कर दिया था। उसे लागू नही करके, फिर से उस बिल को सदन में ला कर सरकार ने महिलाओं के साथ छल किया है।”
श्रीमती राम ने कहा कि, “इससे यह भी स्पष्ट हो गया है कि भाजपा सरकार को महिलाओं के सशक्तिकरण की कोई चिंता नहीं है। वह महिलाओं को केवल वोट बैंक के रूप में देखती है। भाजपा सरकार का महिला विरोधी चेहरा अब पूरी तरह बेनकाब हो चुका है।”
सरकार की मंशा पर गंभीर सवाल :
इस दौरान प्रदेश कांग्रेस कमिटी के जिला प्रभारी नदीम अंसारी ने कहा कि, “वर्तमान भाजपा सरकार पूरी तरह महिला विरोधी और बिहारी विरोधी सरकार साबित हुई है। पहले से पारित महिला आरक्षण बिल को फिर से सदन में लाना केंद्र सरकार की मंशा पर गंभीर सवाल खड़े करता है।”
संदिग्ध नीतियों का खुलकर करेंगे विरोध :
उन्होंने कहा कि, “सरकार केवल घोषणाएँ करती है, लेकिन जब महिलाओं को वास्तविक अधिकार देने की बात आती है, तब भाजपा सरकार पीछे हट जाती है।“ कांग्रेस पार्टी महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों के सवाल पर किसी भी कीमत पर न तो समझौता करेगी न ही महिलाओं की आड़ में उसकी कोई कुत्सित मंशा पूरी होने देगी। भाजपा सरकार की ऐसी संदिग्ध नीतियों का खुलकर विरोध करती रहेगी।”
सड़क पर संघर्ष करेंगे और तेज :
श्री अंसारी ने कहा कि, “आज का यह विरोध प्रदर्शन भाजपा सरकार के लिए चेतावनी है कि, यदि महिला आरक्षण बिल को तत्काल प्रभाव से लागू नहीं किया गया, तो जिला कांग्रेस सड़क पर संघर्ष को और तेज करेगी।”
उपस्थिति :
मौके पर पूर्व जिला अध्यक्ष रामकलेवर प्रसाद सिंह, आज/जजा प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष भूपनेश्वर राम, एखलाकुर रहमान सिद्धीकी, डोमन राय, लाली ठाकुर, बाला जी, अजय चौधरी, सुशिल कुमार राय, सोनी पासवान, परमानंद मिश्रा, विजय देव सुबोध कुमार सिंह, कैलाश नाथ सिंह, आशुतोष कुमार, अब्दुल मालिक, अनिल कुमार तिवारी, मनिष कुमार, फिरोज अंसारी, सोहेल सिद्वीकी, सहित काफी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।