
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। कड़ी चौकसी और निरंतर गश्ती के पुलिसिया दावे की पोल खुल गई जब, जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र अंतर्गत मोहनपुर रोड स्थित केनरा बैंक का एटीएम काट कर बदमाशों ने 2.11 लाख उड़ा लिए और आराम से चलते बने। हालांकि, पूरी वारदात सीसी कैमरे में कैद हो गई है।
एटीएम काटा और कैश लेकर आराम से फरार :
सीसी टीवी फुटेज के अनुसार गुरुवार अहले सुबह करीब 3 बजे जब पुलिस सहित पूरा शहर गहरी नींद में था, इसी दरम्यान काले रंग के स्कॉर्पियो से आए 5–6 बदमाशों ने गैस कटर से मशीन काटा और कैश लेकर आराम से फरार हो गए। इसकी भनक आसपास किसी को नहीं लगी।
जांच में जुटी पुलिस :
सुबह जब नगदी मिलान करने बैंक कर्मी पहुंचे, तो केबिन की हालत देखकर उनके होश उड़ गए। तुरंत इसकी जानकारी पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई।

एसपी ने की पुष्टि :
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस कप्तान अरविंद प्रताप सिंह, एएसपी संजय कुमार पाण्डेय सहित पुलिस पदाधिकारी खुद घटनास्थल पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। घटना की पुष्टि करते हुए एसपी श्री सिंह ने संवाददाताओं को बताया कि, 2.लाख 11 हजार 8 सौ रुपए की लूट हुई है।
जल्द ही होगा खुलासा :
एटीएम में सुरक्षा कर्मी नहीं था, न कोई ऐसी व्यवस्था थी कि जिससे पुलिस को घटना की तत्काल जानकारी मिल पाती। पुलिस टीम ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। अपराधियों की पहचान के लिए एक विशेष टीम गठित की गई है। जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा। एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। जांच जारी है।