
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। शनिवार को समाहरणालय सभागार में जिलाधिकारी सह प्रधान जनगणना अधिकारी रौशन कुशवाहा की अध्यक्षता में जनगणना 2027 के प्रथम चरण डिजिटल हाउस होल्ड सर्वे को लेकर विभिन्न मीडिया कर्मियों व मीडिया संगठनों के प्रतिनिधियों के लिए कार्यशाला का आयोजन किया गया।
प्रगणक करेंगे दर्ज जानकारी की पुष्टि :
इस अवसर पर श्री कुशवाहा ने बताया कि, “दो चरणों में आयोजित जनगणना 2027 के तहत प्रथम चरण डिजिटल हाउस होल्ड सर्वे में परिवार के मुखिया द्वारा जानकारी दर्ज की जानी है। इसके तहत आगामी 1 मई तक सभी नागरिकों को मोबाइल एप के माध्यम से स्व-जनगणना करनी है। दूसरा चरण 2 मई से आरम्भ होगा और 31 मई तक चलेगा। जिसमें प्रगणक आपके द्वारा दर्ज जानकारी की पुष्टि करेंगे।”
नागरिकों की निजता का रखा जाएगा पूरा ध्यान :
उन्होंने बताया कि, “इस बार जनगणना पूरी तरह डिजिटल मोड में हो रही है, जिससे प्रक्रिया अधिक सरल, तेज और पारदर्शी बनेगी। इस दौरान उन्होंने स्पष्टता के साथ आश्वस्त किया कि, इस डिजिटल जनगणना में नागरिकों की निजता का पूरा ध्यान रखा जाएगा। साथ ही लोगों के द्वारा डाली गई सारी जानकारियों को गोपनीय रखा जाएगा और उसका किसी भी प्रकार से दुरुपयोग नहीं किया जाएगा।”

स्व जनगणना के विभिन्न चरणों की दी विस्तृत जानकारी :
इसके पूर्व जनगणना 2026 के नोडल पदाधिकारी मनीष कृष्णन व जनगणना निदेशालय से पधारे प्रक्षिक्षक रंजीत कुमार एवं सुमन सिन्हा ने स्व जनगणना के विभिन्न चरणों की विस्तृत जानकारी दी और मीडिया कर्मियों की शंकाओं का समाधान किया। इस दौरान उन्होंने बताया कि, “एक मोबाइल नंबर से एक ही परिवार का आईडी जनरेट होगा।”
पदाधिकारी थे मौजूद :
मौके पर अपर समाहर्ता सह जिला जनगणना अधिकारी ब्रजेश कुमार, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी सह अपर ज़िला जनगणना अधिकारी अशोक कुमार, जिला जनसंपर्क अधिकारी रजनीश कुमार राय, जिला सूचना एवं विज्ञान पदाधिकारी मनीष कुमार सहित सभी संबंधित पदाधिकारी मौजूद थे।