
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। “जनगणना एक अत्यंत महत्वपूर्ण एवं जिम्मेदारी पूर्ण राष्ट्रीय कार्य है। इसके माध्यम से प्राप्त आंकड़े देश और राज्य की भविष्य की योजनाओं और विकास नीतियों के निर्धारण में आधार स्तंभ की भूमिका निभाते हैं।”
भारत की जनगणना 2027′ : डीएम ने किया प्रशिक्षण का शुभारम्भ :
जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने सोमवार को सदर प्रखंड मुख्यालय में संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर भारत की जनगणना 2027′ के सफल संचालन हेतु प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों के लिए आयोजित प्रशिक्षण सत्र का विधिवत शुभारंभ करते हुए उक्त बातें कही।
न हो किसी भी प्रकार की त्रुटि :
इस अवसर पर उपस्थित कर्मियों को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने सभी प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को निर्देश दिया कि, “वे प्रशिक्षण की हर बारीकी को ध्यान से समझें ताकि डेटा संकलन के दौरान किसी भी प्रकार की त्रुटि न हो।”
डीएम ने जताया विश्वास :
अपने संबोधन में श्री कुशवाहा ने गुणवत्तापूर्ण और त्रुटिरहित आंकड़े एकत्र करने पर विशेष बल दिया और कहा कि, “मुझे पूरा विश्वास है कि, सभी कर्मी अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी निष्ठा और समयबद्धता के साथ करेंगे।”
मॉनिटरिंग और मार्गदर्शन सुनिश्चित करने का निर्देश :
इस दौरान प्रगणकों को बताया गया कि, किस प्रकार डिजिटल माध्यमों या निर्धारित प्रपत्रों में जानकारी दर्ज करनी है। वहीं पर्यवेक्षकों को अपने अधीन प्रगणकों के कार्यों की निरंतर मॉनिटरिंग और मार्गदर्शन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
कई अधिकारी व कर्मी थे मौजूद :
इस अवसर पर जिला सांख्यिकी पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी समस्तीपुर सदर, मास्टर ट्रेनर्स, विभिन्न विभागों के प्रशिक्षक एवं अन्य संबंधित अधिकारी व कर्मचारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे। प्रशिक्षण सत्र के दौरान प्रशिक्षकों द्वारा जनगणना की प्रश्नावली, मैपिंग और तकनीकी पहलुओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।