
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 ताजपुर। युवाओं में स्वास्थ्य, अनुशासन और खेल भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बख्तियारपुर फोर लेन, ताजपुर में ‘एस. के. मंडल हार्मनी रन’ (द्वितीय संस्करण) का भव्य आयोजन किया गया। स्पोर्ट्स ड्यूज प्राइवेट लिमिटेड एवं नोबेल कॉज फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में जिले के 38 स्कूलों के लगभग 650 बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। आयोजन की सफलता में सह-प्रायोजक दी कोजी स्वीट्स एंड स्नैक्स एवं स्पोर्ट्स ड्यूज प्राइवेट लिमिटेड ने महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया।
आगे भी किए जाएंगे कार्यक्रम संचालित :
कार्यक्रम के मुख्य प्रायोजक एस. के. मंडल ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन ने इस आयोजन के माध्यम से न केवल प्रतियोगिता का मंच तैयार किया, बल्कि ताजपुर और समस्तीपुर के युवाओं के समग्र विकास हेतु एक दीर्घकालिक पहल की भी शुरुआत की। संस्था के प्रतिनिधियों के अनुसार, भविष्य में खेल, शिक्षा एवं व्यक्तित्व विकास से जुड़े कई कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे, जिससे युवाओं को सही दिशा और अवसर मिल सके।
हरी झंडी दिखा कर हुआ उद्घाटन :
कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए अतिथियों ने हरी झंडी दिखा कर दौड़ का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर दी कोजी स्वीट्स एंड स्नैक्स से उमेश कुमार, ताजपुर नगर परिषद प्रतिनिधि संतोष कुमार, समाजसेवी जितेंद्र कुमार, डॉ. मोनालिसा एवं डॉ. आर. के. रंजन विशेष रूप से उपस्थित रहे।
अतिथियों ने किया उत्साहवर्धन :
इस दौरान अतिथियों ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि, “इस प्रकार के आयोजन युवाओं को सकारात्मक दिशा प्रदान करते हैं और समाज में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करते हैं।”
काम्या व अरविंद रहे प्रथम :
3 किलोमीटर की इस दौड़ में प्रतिभागियों का जोश और उत्साह देखते ही बन रहा था। जिसमें कड़ी प्रतिस्पर्धा में बालिका वर्ग में काम्या पंकज ने प्रथम, पूजा मुकेश ने द्वितीय तथा अनुष्का अजीत कुमार राय ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। बालक वर्ग में शांति स्टेपिंग स्टोन स्कूल के अरविंद कुमार प्रथम, संस्कृति विद्यापीठ के आयुष राज द्वितीय एवं अभिनव झा तृतीय स्थान पर रहे।

बिना जूतों के दौड़ी अनुष्का :
प्रतियोगिता का सबसे अद्भुत व प्रेरणादायक व भावुक कर देने वाला क्षण था। जब बालिका वर्ग की तृतीय विजेता अनुष्का अजीत कुमार राय ने बिना जूतों के दौड़ पूरी की। अनुष्का के इस दृढ़ इच्छाशक्ति और साहस से प्रभावित होकर डॉ. आर. के. रंजन ने उन्हें ₹1001 की नकद राशि देकर विशेष रूप से सम्मानित किया।
आयोजन की सफलता में रही युवाओं की भागीदारी :
इस सफल आयोजन में ओम बाबू, सुनील कुमार ठाकुर, सूरज, सुमन, आदित्य कुमार, पप्पू कुमार, विजय कुमार एवं रजनीश कुमार सहित आयोजन समिति के युवाओं का विशेष योगदान रहा।