
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। बेटियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने को लेकर जिले में चल रहे एचपीवी (गार्डासिल) टीकाकरण अभियान को लेकर प्रशासन गंभीर नजर आ रहा है। इस क्रम में टीकाकरण की धीमी प्रगति से नाखुश स्वास्थ्य विभाग ने सख्त निर्देश जारी किए हैं।
11 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के कर्मियों व पदाधिकारियों के वेतन पर रोक :
इसी क्रम में, टीकाकरण अभियान के प्रगति समीक्षा करते हुए सिविल सर्जन डॉ. राजीव कुमार ने खराब प्रदर्शन करने वाले 11 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, से प्रखंड सामुदायिक उत्प्रेरक तक सभी के वेतन पर तत्काल प्रभाव से, अपेक्षित सुधार दिखने तक, रोक लगाने का निर्देश दिया है। जिसमें में समस्तीपुर, कल्याणपुर, उजियारपुर, दलसिंहसराय, हसनपुर, बिथान, मोरवा, पटोरी, मोहिउद्दीनगर, शिवाजीनगर और विद्यापतिनगर शामिल हैं।
अभियान में तेजी लाने का निर्देश :
बताते चलें कि, स्वास्थ्य विभाग द्वारा इस अभियान की समीक्षा की गई। जिसमें पाया गया कि, जिले के कई प्रखंडों में निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं का टीकाकरण नहीं हो पा रहा है। इस पर नाराजगी जताते हुए सिविल सर्जन ने संबंधित अधिकारियों से जवाब-तलब किया है। साथ ही अभियान में तेजी लाने का निर्देश भी दिया है।
सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए जरूरी :
गौरतलब है कि, राज्य स्वास्थ्य समिति के निर्देश पर जिले में 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं को एचपीवी (गार्डासिल) वैक्सीन की खुराक दी जा रही है। यह टीका सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है। स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य है कि लक्षित आयु वर्ग की सभी बालिकाओं तक यह टीका समय पर पहुंचे, ताकि भविष्य में गंभीर बीमारी से सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
कठोर कार्रवाई जारी रहेगी :
सिविल सर्जन ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि, “विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों और स्वास्थ्य उपकेंद्रों के माध्यम से अभियान को गति दें तथा शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करें।” उन्होंने स्पष्ट किया कि, “इसमें किसी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लापरवाही बरतने वाले कर्मियों पर आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।“