
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 नरकटियागंज। पूर्व मध्य रेल का समस्तीपुर मंडल अपने क्षेत्र में रेल अवसंरचना के सुदृढ़ीकरण, यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित एवं आधुनिक रेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। इस क्रम में वाल्मिकीनगर, नरकटियागंज सहित विभिन्न स्टेशनों पर विकास कार्य प्रगति पर हैं।
समीक्षा बैठक आयोजित :
शुक्रवार को वाल्मीकिनगर लोकसभा क्षेत्र के सांसद सुनील कुमार के साथ नरकटियागंज स्टेशन परिसर में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिसमें निर्माणाधीन विभिन्न रेल परियोजनाओं के प्रगति की समीक्षा की गई तथा उन्हें निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं सभी कार्य :
इस समीक्षा बैठक में सांसद ने अपने संसदीय क्षेत्र में चल रही रेलवे अवसंरचना परियोजनाओं की प्रगति रिपोर्ट पर विस्तार से चर्चा की तथा इस बात पर बल दिया कि, “सभी कार्य समयबद्ध ढंग से पूरे किए जाएं, ताकि इस क्षेत्र की जनता को रेलवे सुविधाओं का पूरा लाभ मिल सके।”
समझौता नहीं :
उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि, “कार्य की गुणवत्ता, सुरक्षा मानकों तथा यात्रियों की सुविधा से जुड़े किसी विंदु पर किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाए।

मंडल के कई पदाधिकारी थे मौजूद :
इस बैठक में समस्तीपुर मंडल की ओर से अपर मंडल रेल प्रबंधक (ADRM) सन्नी सिन्हा, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (Sr. DCM) अनन्या स्मृति, के अलावा वरिष्ठ मंडल अभियंता–II (Sr. DEN-II), वरिष्ठ मंडल विद्युत अभियंता (सामान्य)-(Sr. DEE/G) तथा उप मुख्य अभियंता (निर्माण) – Dy. CE/Construction सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
अधिकारियों ने दी विस्तृत जानकारी :
बैठक के दौरान सभी अधिकारियों द्वारा अपने-अपने विभागों से संबंधित परियोजनाओं की वर्तमान प्रगति, आगामी कार्ययोजना तथा निर्धारित समय-सीमा के संबंध में सांसद को विस्तृत जानकारी दी गई।
निर्माणाधीन परियोजनाओं की होगी निगरानी :
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि सभी निर्माणाधीन परियोजनाओं की नियमित निगरानी की जाएगी, ताकि किसी भी प्रकार की बाधा या विलंब के कारणों को समय रहते दूर किया जा सके और परियोजनाओं को निर्धारित समय पर पूरा किया जा सके।

विभिन्न स्टेशनों का निरीक्षण :
इस दौरान उन्होंने नरकटियागंज के अलावा बगहा तथा हरिनगर स्टेशनों का भी निरीक्षण किया तथा जनहित में कई महत्वपूर्ण निर्देश भी दिए, जिसे पदाधिकारियों द्वारा गंभीरता से लेते हुए तत्काल पूरा करने का भरोसा दिलाया गया।