
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 वाराणसी। क्रिसमस मेला न केवल छुट्टियों के मौसम की खुशी परस्पर बांटने का अवसर है, बल्कि रेलवे कालोनी में रहने वाले कर्मचारियों के परिवारों में आपसी सौहार्द बढ़ाने, समन्वय स्थापित करने के साथ-साथ परस्पर विश्वास बढ़ाने का भी एक तरीका है।
मंडल महिला कल्याण संगठन की अध्यक्ष वाणी जैन ने बच्चों को चॉकलेट, कैंडी आदि बांटकर क्रिसमस की शुभकामना देते हुए अपने सम्बोधन में उक्त बातें कही। उन्होंने कहा कि हम सभी रेलवे कालोनी निवासियों और रेलवे कर्मचारियों के परिवारों को इस उत्सव में शामिल होने से सौहार्द्र और एकजुटता की भावना बढ़ती है।
बताते चलें कि मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन की प्रेरणा व निर्देशन से वाराणसी मंडल पर गुरुवार को इन्द्रप्रस्थ सामुदायिक केंद्र में रेल कर्मचारियों एवं उनके परिवारों के लिए क्रिसमस मेले का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर सबसे पहले मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन एवं मंडल महिला कल्याण संगठन की अध्यक्ष वानी जैन ने सेंटाक्लाज के रूप में सजे छोटे बच्चों के हाथों फीता काटकर एवं केक काटकर क्रिसमस मेले का औपचारिक उद्घाटन कराया।
यह मेला क्रिसमस की भावना और स्थानीय समुदाय की जीवंत संस्कृति का जश्न मनाने के लिए आयोजित किया गया था। क्रिसमस मेले के मुख्य आकर्षणों में महिला समिति के मसाला केंद्र के उत्पाद, बनारसी चाट, टी स्टॉल, मानसिक खेलों के स्टॉल शामिल थे।
इस अवसर पर सभी को क्रिसमस दिवस की शुभकामनाएं देते हुए मंडल रेल प्रबंधक श्री आशीष जैन ने कहा कि वाराणसी मंडल मुख्यालय पर पहली बार क्रिसमस मेला का आयोजन किया जा रहा है। भविष्य में इसे और भव्य रूप में मनाया जाएगा।
क्रिसमस का अवसर पुराने साल की अच्छी बुरी बातों को याद करने और हर्षोल्लास के साथ नए साल के स्वागत का भी अवसर होता है। ऐसे अवसरों पर कर्मचारियों एवं उनके परिवारों का एक दूसरे के साथ सहयोग की भावना बढ़ती है।
वाराणसी मंडल में आयोजित क्रिसमस मेले में रेलवे कर्मचारियों के बच्चों के लिए मजेदार खेलों में शामिल होने के लिए विशेष गतिविधियाँ आयोजित की गयीं थी । आयोजन के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम में बच्चों साध्वी, राधिका, आयुष, अत्रिय ,अक्षय, आशीष, अनु आदि ने सेंटा गीत, कैरोल गीत और मनोहारी नृत्य का प्रदर्शन कर उत्सव को और भी मनोरंजक बनाया।
इस अवसर पर बच्चों के लिए म्यूजिकल चेयर समेत कई इनडोर प्रतियोगिताएं आयोजित की गई जिसमें अच्छा प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुरस्कृत व प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अभिनव कुमार सिंह ने किया।
इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अभिनव कुमार सिंह, वरिष्ठ मंडल सामाग्री प्रबंधक नितेश अग्रवाल, सहायक कार्मिक अधिकारी वीरेन्द्र यादव, सहायक वाणिज्य प्रबंधक पीएस रावत, एन ई रेलवे मेन्स कांग्रेस के केंद्रीय मंत्री अखिलेश पाण्डेय, मंडल अध्यक्ष मनोज कुमार समेत रेलवे कर्मचारी व उनके परिजन उपस्थित थे।
