
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
विभूति कुमार की रिपोर्ट।
Oini 24 समस्तीपुर। लगातार 4थे दिन सोमवार को भी कमबख्त बादलों ने ऊष्मा और ऊर्जा के अक्षय स्रोत सूर्य को निकलने नहीं दिया, फ़लतः सूर्य की एक झलक पाने को लोग तरसते रहे। विदित हो कि जिले में पिछले चार दिनों से सूर्य के नहीं निकलने से ठंडी हवाएं सितम ढा रही हैं। जिस कारण सूर्य की किरणों के आंसू पाला बनकर जल की बूंदों के रूप टपक रहे है।
रविवार को ठंडी हवाओं से जन्मी हाड़ कंपाती ठंड ने तो जनजीवन को पूरी तरह ठिठुरा दिया जिससे छुट्टी के बावजूद लोग अपने घरों में ही दुबके रहे। सोमवार को भी यह सिलसिला जारी रहा।
लोगबाग अधिकांश घरों में ही कंबलों में या अलाव के इर्द गिर्द दुबके रहे। जिससे बाजार में सन्नाटा पसरा रहा, दुकानदार ग्राहक की प्रतीक्षा करते रहे। यही नहीं सड़कों पर भी चहल–पहल अपेक्षाकृत कम ही दिखी। बाजार में और सड़कों पर इक्का-दुक्का लोग ही नजर आए, जो खरपतवार जलाकर अलाव के सहारे ठंड से राहत पाने की कोशिश में व्यस्त दिखे।
मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक कड़ाके की ठंड का दौर जारी रहने की संभावना है। हालांकि मौसम विभाग के अनुसार दिन का अधिकतम तापमान 17.4 डिग्री सेल्सियस रहा। जो सामान्य से 6.4 डिग्री कम है। वहीं न्यूनतम तापमान 10.6 डिग्री रहा। मौसम विभाग के अनुसार इस दौरान सापेक्ष आर्द्रता सुबह 7 बजे 91 प्रतिशत एवं दोपहर 2 बजे 74 प्रतिशत रहा। इस क्रम में करीब 5.7 किमी. प्रति घंटा की रफ्तार से चलती पछुआ हवा कनकनी को लगातार प्रोत्साहित करती रही।
कड़ाके की ठंड के कारण खुले स्थानों पर रुकना मुश्किल हो गया है। सर्द हवाओं के चलते लोग शाम चार बजे के बाद ही घरों में दुबक रहे हैं, जिससे शहर, बाजार और चौक-चौराहे वीरान नजर आ रहे हैं। सुबह देर तक कंबल में, या गर्म कपड़ों में अलाव के निकट सिमटे रहने की मजबूरी लोगों की दिनचर्या में शामिल हो गया है।
इसी बीच लगातार बढ़ रही ठंड के कारण गर्म कपड़ो व बिजली उपकरणों की मांग और बिजली की खपत में अचानक उछाल आ गया है। सबसे बड़ी परेशानी महिलाओं को कपड़े सुखाने की है, खासकर छोटे बच्चे के कपड़े हीटर पर गर्म कर सुखाना मजबूरी बन गई है।
डॉ. राजेन्द्र प्रसाद केन्द्रीय कृषि विश्वविद्यालय पूसा के मौसम वैज्ञानिक डॉ. ए. सत्तार ने बताया कि अगले एक-दो दिनों में राहत के आसार नहीं हैं। औसतन 4 से 5 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पछुआ हवा चलने के कारण कोल्ड डे की स्थिति बनी रहेगी। इस दौरान ठंड के सामान्य से अधिक रहने की संभावना है। दो दिन बाद मामूली राहत मिल सकती है।
