
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 डेस्क समस्तीपुर। जखन राघव लला छथि सहाय तखन परवाहे की और जेहने किशोरी मोरी, तेहने किशोर हे विधना लगाओल जोडी केहन बेजोड हे आदि सुप्रसिद्ध लोक गायिका सह अलीनगर से नवनिर्वाचित सबसे युवा विधायक मैथिली ठाकुर द्वारा गाये गीतों के साथ जिले के कल्याणपुर प्रखण्ड स्थित विदेह नगर डरोडी में आयोजित 89वें श्री राम जानकी विवाह महोत्सव में पधारे श्रद्धालू व हजारों की संख्या में उपस्थित ग्रामीण देर रात तक आत्मविभोर हो कर झूमते तालियां बजाते रहे।

.बताते चलें कि मंगलवार को लोक कला संस्कृति संस्थान इफटा द्वारा विदेह नगर डरोडी में श्री सीता राम विवाह महोत्सव का 89वें अधिवेशन धूमधाम से समारोहपूर्वक आयोजित किया गया। इस अवसर पर सबसे पहले अलीनगर विधायक सह सुप्रसिद्ध लोक गायिका मैथिली ठाकुर, दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के विधानपार्षद सर्वेश कुमार, विद्यापति सेवा संस्थान के महासचिव डाॅ वैद्यनाथ चैधरी बैजू सहित अतिथियों ने परंपरानुसार वैदिक मंत्रोच्चार और करतल ध्वनि के बीच संयुक्त रूप से दीप प्रज्जवलित कर विवाह महोत्सव का विधिवत उद्घाटन किया।

तदुपरांत राम नरेश ठाकुर एवं तनुजा कुमारी, आदि ने आगत अतिथियों का मिथिला की परंपरा के अनुसार पाग, शाॅल और स्मृति चिन्ह आदि से सम्मानित किया। महोत्सव के उद्घाटन सत्र में कार्यक्रम का संचालन करते हुए कृष्ण कुमार कन्हैया ने कहा कि मिथिला विभूति कविकुल शिरोमणी महाकवि विद्यापति के बाद सबसे अधिक गाये जाने वाले मैथिली गीतों के रचनाकार थे आशु कवि कपिल देव ठाकुर उर्फ स्नेहलता जी। उनकी धरती विदेह नगर डरोडी में उनके द्वारा आरंभ श्री रामजानकी विवाह महोत्सव 89 वर्षो की अबाध परंपरा है। इसे राजकीय दर्जा मिला चाहिए।

इस पर अपनी सहमति जताते हुए दरभंगा निर्वाचन क्षेत्र के विधान पार्षद सर्वेश कुमार ने कहा कि इसकेलिए हम अपने स्तर से पूरा प्रयास करेंगे और हमारी कोशिश होगी कि 2026 का यह विवाह महोत्सव राजकीय महोत्सव के रूप में मनाया जाय। विधान पार्षद के इस कथन पर नव निर्वाचित अलीनगर विधायक मैथिली ठाकुर ने भी पूरी मदद करने का आश्वासन दिया। इस दौरान डाॅ बैजू सहित विभिन्न वक्ताओं ने केन्द्र सरकार से मैथिली गीतों में स्नेहलता जी के गीतों की लोकप्रियता को देखते हुए उन्हें पद्म सम्मान से सम्मानित करने का भी आग्रह किया।

फिर शुरू हुआ श्री रामजानकी विवाह महोत्सव जिसमें मैथिली ठाकुर के अलावा कृष्ण कुमार कन्हैया सहित समस्तीपुर एवं आसपास के जिलों से पधारे गायकों ने अपने गीतों से श्रोताओं व श्रद्धालुओं को खूब रिझाया। इस अवसर पर राकेश कुमार शर्मा, सहित स्थानीय ग्रामीण व हजारों लोगों ने महोत्सव और मैथिली गीतों का आनंद लिया।