
ओइनी न्यूज नेटवर्क।
Oini24 डेस्क समस्तीपुर । समस्तीपुर रेल कारखाना में पीओएच डब्बा निर्माण कार्य शुरू करने, भोला टाकीज-मुक्तापुर-अटेरन चैक, दलसिंहसराय, पूसारोड रेल गुमटी पर औवरब्रीज निर्माण कार्य शुरू करने, कर्पूरीग्राम-ताजपुर-भगवानपुर, केबल स्थान-कर्पूरीग्राम एवं दलसिंहसराय-पटोरी, मुक्तापुर-कुशेश्वर धाम नई रेल लाईन योजना को मंजूरी देने, माधुरीचैक स्थित चिल्ड्रेन पार्क का जीर्णोद्धार करने, रेल अस्पताल को केंद्रीय अस्पताल का दर्जा देने आदि मांगों को लेकर रेल विस्तार एवं विकास मंच के बैनर तले रेल कारखाना पर उपेंद्र राय, रामविनोद पासवान एवं अशोक राय द्वारा 22 सितंबर से शुरू अनिश्चितकालीन आमरण अनशन मंगलवार को दूसरे दिन भी जारी रहा।
इस अवसर पर जीबछ पासवान की अध्यक्षता में एक सभा का आयोजन किया गया। जिसका संचालन रघुनाथ राय ने किया। लोक उपक्रम मोर्चा के शशिभूषण शर्मा, भाकपा माले के उमेश कुमार, सुरेन्द्र कुमार सिंह, राजद के राकेश ठाकुर, रेलकर्मी अरविंद कुमार, पिंकू पासवान, ट्रेड यूनियन नेता संतोष कुमार निराला, आदि ने सभा को संबोधित किया।
अपने संबोधन में ट्रेड युनियन नेता श्री निराला ने कहा कि ने कहा कि चीनी मिल, पेपर मिल की तरह रेल प्रशासन समस्तीपुर रेल कारखाना को खत्म करने की साजिश कर रही है। रेल विस्तार एवं विकास मंच रेल प्रशासन के इस मंसूबे को कामयाब नहीं होने देगी। पीओएच डब्बा निर्माण के लिए 8साल पुर्व आवंटन और रूपये निकासी के बावजूद डब्बा निर्माण कार्य शुरु नहीं हुआ।
उन्होंने कहा कि कभी जगह कम होने का बहाना तो फिर कभी जांच कमिटी का बहाना बनाकर पीओएच डब्बा निर्माण कार्य शुरू कराने से रेल प्रशासन भाग रही है और भागते रेल प्रशासन को पकड़ने के लिए मंच रेल कारखाना पर अनिश्चितकालीन आमरण अनशन शुरू किया गया है।
इस दौरान अनशनकारी उपेंद्र राय, रामविनोद पासवान एवं अशोक राय ने मांग माने जाने या जान जाने तक अनशन जारी रखने का संकल्प जिले के तमाम संगठनों, दलों व संस्थाओं सहित जिला वासिंयों से इस कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।
उधर भीषण गर्मी के कारण अनशनकारियों की स्थिति बिगड़ने एवं रेल प्रशासन द्वारा अनशनकारियों की सुध नहीं लेने से आक्रोशित मंच के संयोजक शत्रुघ्न राय पंजी ने आधे दर्जन ताबड़तोड़ आंदोलन की घोषणा की। जिसमें 24 सितंबर को 2 बजे से पूतला दहन करने, 25 सितंबर को शाम 5 बजे से मशाल जुलूस निकालने, 26 सितंबर को 12 बजे से डीआरएम के समक्ष प्रदर्शन करने, 27 सितंबर को 12 बजे से रेल हड़ताल करने आदि आंदोलन शामिल है।