
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
समस्तीपुर। रेलवे प्रशासन यात्रियों की सुविधा, स्वच्छता, सुरक्षा और संचार सेवाओं की गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है। यही कारण है कि समय-समय पर इस प्रकार के निरीक्षणों के माध्यम से सुधारात्मक कदम उठाए जाते हैं। इसी क्रम में शनिवार को मंडल रेल प्रबंधक सोनपुर विवेक भूषण सूद एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक रौशन कुमार ने शनिवार को ढोली एवं कर्पूरीग्राम रेलवे स्टेशनों का औचक निरीक्षण किया।
इस निरीक्षण का उद्देश्य यात्रियों को उपलब्ध सुविधाओं की गुणवत्ता, स्वच्छता व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध तथा डिजिटल सेवाओं की उपलब्धता का समग्र मूल्यांकन करना था।
निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक विवेक भूषण सूद ने दोनों स्टेशनों के प्रमुख क्षेत्रों- जैसे यात्री प्रतीक्षालय, जल आपूर्ति, टिकट काउंटर, प्लेटफॉर्म की संरचना, प्रकाश व्यवस्था और स्वच्छता की स्थिति—का गहन अवलोकन किया।
इस दौरान उन्होंने संबंधित स्टेशन अधीक्षकों और अन्य अधिकारियों को यात्री सुविधाओं में सुधार हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। साथ ही स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म, पथमार्ग एवं शौचालयों की स्वच्छता का निरीक्षण किया और स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत सफाई मानकों के अनुपालन पर विशेष बल देने का निर्देश दिया।
इसी क्रम में उन्होंने यात्री सुविधाओं यथा प्रतीक्षालयों में बैठने की पर्याप्त व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति व वॉटर वेंडिंग मशीनों की कार्यप्रणाल, विद्युत आपूर्ति की निरंतरता एवं प्लेटफॉर्म प्रकाश व्यवस्था का निरीक्षण किया। इसके अलावा उन्होंने टिकट काउंटर पर प्रतीक्षा समय कम करने हेतु निर्देश दिए।
इसी दौरान उन्होंने ऑटोमैटिक टिकट वेंडिंग मशीनों, वाई फाई सुविधा और डिजिटल डिस्प्ले बोर्डों की स्थिति का मूल्यांकन भी किया। साथ ही सीसी कैमरा कवरेज की समीक्षा, आरपीएफ के सतर्क उपस्थिति की पुष्टि एवं इमरजेंसी हेल्प डेस्क और हेल्पलाइन जागरूकता उपायों की समीक्षा भी की।
साथ ही प्लेटफॉर्म की ऊँचाई में आवश्यकतानुसार सुधार, बैठने की छायादार सुविधा में वृद्धि, दिव्यांग यात्रियों के लिए रैम्प, संकेत बोर्ड एवं प्राथमिकता व्यवस्था, स्टेशन परिसरों में हरित क्षेत्र को बढ़ावा देने की पहल करने के भी निर्देश दिए।
निरीक्षण के उपरांत मंडल रेल प्रबंधक श्री सूद ने स्थानीय रेलवे कर्मियों से संवाद भी किया और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों को त्वरित समाधान हेतु निर्देश भी दिए।