
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
ललन प्रसाद यादव।
बिथान । बिहार सरकार के ‘जल-जीवन-हरियाली’ योजना के तहत मनरेगा योजना के सहयोग से प्रखंड क्षेत्र के उजान पंचायत स्थित पचरूखी गाँव में बुधवार को पर्यावरण संरक्षण को समर्पित एक विशेष कार्यक्रम ‘एक पेड़ माँ के नाम’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी रौशन कुशवाहा ने स्वयं वृक्षारोपण कर किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने पर्यावरण संकट, जलवायु परिवर्तन की गंभीरता तथा वृक्षों की महत्ता पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य सिर्फ वृक्षारोपण नहीं, बल्कि भावनात्मक जुड़ाव को बढ़ावा देना है। ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के माध्यम से लोगों को अपनी माताओं के नाम पर पेड़ लगाने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनिया पर्यावरणीय असंतुलन और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से जूझ रही है। ऐसे में हमें व्यक्तिगत स्तर पर वृक्षारोपण कर धरती को हरा-भरा और जीवनोपयोगी बनाना होगा। एक पेड़ लगाना, एक नई सांस को जीवन देना है।
इस अवसर पर जिलाधिकारी के साथ प्रखंड विकास पदाधिकारी अफताब आलम, अंचल अधिकारी रूबी कुमारी, मनरेगा कार्यक्रम पदाधिकारी राहुल कुमार, पंचायत प्रतिनिधि, एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे। इस क्रम में नीम, आम, शीशम, अर्जुन मोहगनी आदि विभिन्न प्रजातियों के सैकड़ों पौधे लगाए गए। साथ ही, प्रत्येक पौधे के साथ एक पट्टिका भी लगाई गई, जिस पर उस पेड़ को समर्पित माँ का नाम लिखा गया।
इस अवसर पर सबसे पहले उजान मुखिया सुनीता देवी ने जिलाधिकारी समेत उपस्थित पदाधिकारियों को मिथिला परम्परा के अनुसार पाग, चादर, एवं पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया। मौके पर पंचायत समिति सदस्य शिव शंकर यादव, पूर्व पंचायत समिति सदस्य सुलतान, सेवानिवृत्त शिक्षक सुरेन्द्र प्रसाद यादव, प्रहलाद राय, महेंद्र यादव, मो अजहर, पीआरएस सानू कुमार, रामकुमार सहनी, मो शाकीर, प्रभाकर कुमार पंचायत तकनीकी सहायक संजय कुमार समेत दर्जनों गण्यमान्य लोगो एवं प्रखंड कर्मी मौजूद थे।