
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
समस्तीपुर । राजद ने पटना मेडिकल काॅलेज एवं हाॅस्पीटल प्रशासन की असंवेदनशीलता और स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही के कारण दलित नाबालिग बच्ची की दुर्भाग्यपूर्ण मौत के लिए सरकार और स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय को जिम्मेदार ठहराते हुए आडे हाथों लिया है।
एनडीए सरकार पर हमला बोलते हुए राजद के जिला प्रवक्ता राकेश कुमार ठाकुर ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि महाजंगल राज का माहौल है, लूट, बेटियों के साथ दरिंदगी, हत्या तो आम बात हो गई है। मुजफ्फरपुर में हुई दलित नाबालिग बालिका के साथ हैवानियत की घटना बेहद शर्मनाक है और उपर से पीएमसीएच पटना की स्थिति तो और अधिक चिंताजनक है।
अस्पताल में चिकित्सकों की लापरवाही, बिहार में बढ़ती अराजकता और अपराधियों की छोडिए जिम्मेदार लोगों की निरंकुशता और सरकार की असंवेदनशीलता महाजंगलराज का आईना है। राजद प्रवक्ता ने सरकार के नाक के नीचे स्थित पीएमसीएच की स्थिति चिंताजनक स्तर पर बदहाल होने का आरोप लगाया।
राजद प्रवक्ता ने कहा कि पीएमसीएच के इमरजेंसी विभाग की हालत यह है कि गंभीर रोगी को बेड मिलना तो दूर ट्रॉली भी नहीं मिल पाती है। मरीज के परिजन अगर कुछ कहते हैं तो निरंकुश चिकित्सकों की टीम उनके साथ मारपीट करने लगने लगती है। कोई देखने पूछने वाला नहीं हैं, पीएमसीएच में अधिकतर वरीय डॉक्टर अस्पताल से गायब रहते हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि एनडीए की सरकार आंकडों की हेराफेरी कर लोकलुभावन विकास की बातें तो बढ़ा-चढ़ा कर करती हैं लेकिन हकीकत बद से बदतर हैं। अस्पतालों में अराजकता के कारण सही समय पर इलाज नहीं होने से लोगों की जान जा रही हैं।
श्री ठाकुर ने बेड नहीं मिलने और समुचित इलाज के अभाव में हुई मासूम बच्ची की मौत और अस्पताल की बदहाली की जिम्मेदारी लेते हुए स्वास्थ्य मंत्री से इस्तीफा देने और पीएमसीएच के आउटडोर तथा इमरजेंसी की दयनीय हालत में तत्काल सुधार करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि अस्पताल में बेड की संख्या बढाये और चिकित्सकों की दबंगई पर नकेल कसने की जरूरत है।