
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
समस्तीपुर/ताजपुर। 35 से 40 रूपये लीटर किसानों से दूध खरीदकर ग्राहकों को 65-70 रुपये में बेचने वाले मिथिला दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड अर्थात सुधा डेयरी द्वारा किसानों के शोषण एवं ग्राहकों को लूटे जाने के खिलाफ मोतीपुर सब्जी मंडी से अखिल भारतीय किसान महासभा ने जुलूस निकाला।
यह जुलूस विभिन्न मार्गों से नारे लगाते हुए सब्जी मंडी पहुंचा, जहां जुलूस सभा में तब्दील हो गया। सभा को संबोधित करते हुए मुख्य वक्ता किसान महासभा के जिला सचिव ललन कुमार ने कहा कि किसानों को पशुपालन एवं दुग्ध उत्पादन केलिए प्रोत्साहित करने के लिए यह संस्था स्थापित की गई थी। लेकिन अब यह किसानों का शोषण कर रही है और किसानों एवं ग्राहकों को लूटने में मशगूल है। डेयरी के पदाधिकारी संस्था की स्थापना का मूल उद्देश्य भूल गये हैं।
उन्होंने कहा कि डेयरी समय- समय पर दूध समेत अपनी उत्पादों की कीमत बढ़ाती रहती है। इस बार प्रति लीटर दूध की कीमत में 2-3 रूपये की बढ़ोतरी वर्ष के 5 महीने के दौरान दूसरी बार बढ़ोतरी है। लेकिन किसानों की दूध की कीमत नहीं बढ़ाती है। इधर तो डेयरी का दूध समेत अन्य सभी उत्पादों का गुणवत्ता भी पहले जैसा नहीं रह गया है।
अपने अध्यक्षीय संबोधन में अखिल भारतीय किसान महासभा के प्रखंड अध्यक्ष ब्रह्मदेव प्रसाद सिंह ने कहा कि किसानों के दूध की कीमत 35-40 रूपये के बीच अटका हुआ है जबकी क्रीम निकालने के बाद सुधा टोंड मिल्क 52 रूपये प्रति लीटर बेच रही है। दूध के दामों में इस वृद्धि का असर दूध उत्पादकों पर पड़ना तय है।
उन्होंने कहा कि शीघ्र ही ठोस रणनीति बनाकर पशुपालकों की हकमारी एवं ग्राहकों की बेतहाशा लूट के खिलाफ सुधा डेयरी मुख्यालय का घेराव किया जाएगा। सुधा बढ़ाये गये कीमत वापस ले, किसानों के दूध की कीमत बढ़ाये, अपने उत्पादों के गुणवत्ता में सुधार लाएं अन्यथा किसान महासभा सुधा डेयरी का घेराव करेगी।
मौके पर भाकपा माले प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह, राजदेव प्रसाद सिंह, महेश सिंह, शंकर महतो, मोतीलाल सिंह, रंजीत कुमार सिंह, शिव कुमार, दिनेश प्रसाद सिंह, महावीर सिंह, उपेंद्र ठाकुर समेत बड़ी संख्या में पशुपालन किसान मौजूद थे।