
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
समस्तीपुर। मुफस्सिल थाना पुलिस ने नीट परीक्षा में मूल अम्यार्थियों के बदले फर्जी अभ्यर्थी (स्कालर) को परीक्षा में बैठाकर परीक्षा दिलाने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इसमें शामिल एक जेल चिकित्सक समेत दो को गिरफ्तार कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दरभंगा जिले के लहेरियासराय के रहमगंज काली मंदिर के सुरेश मल्लिक के पुत्र रामबाबू मल्लिक और बेगूसराय के जेल चिकित्सक सह विभूतिपुर के बेलसंडी गांव के डॉ रंजीत कुमार के रूप में हुई है। उनके पास से पुलिस ने तीन मोबाइल, 50 हजार नगद, और एक कार बरामद किया गया है।
सोमवार को मामले का खुलासा करते हुए एसडीपीओ कार्यालय पर सदर एसडीपीओ सह एएसपी संजय कुमार पाण्डेय ने संवाददातओं को बताया कि, रविवार को सूचना मिली की एक गिरोह का सक्रिय सदस्य कार नंबर -BR07AP 7233 से घूम कर परीक्षा में तकनीकी रूप से छेड़छाड़ कर मूल अम्यार्थियों के बदले दूसरे फर्जी अभ्यर्थी को परीक्षा में बैठाकर परीक्षा दिलाता है। ताकि अधिकतम प्राप्तांक प्राप्त हो सके और अभ्यार्थियों का चयन हो सके।
मामले की गंभीरता देखते हुए सूचना के आलोक में पुलिस अधीक्षक समस्तीपुर के निर्देशन एक विशेष टीम गठित की गई। जिसने त्वरित कार्रवाई करते हुए तकनीकी और मानवीय आसूचना के आधार पर उक्त कार को मोहनपुर पुल के पास रविवार की रात संदिग्ध अवस्था में पकड़ लिया और उसमें सवार लोगों को गिरफ्तार कर पूछताछ की।
पूछताछ के दौरान उन्होंने बताया कि वे नीट परीक्षा में समस्तीपुर एवं अन्य जगहों पर नीट परीक्षा पास कराने की गारंटी देते हैं। इसकेलिए वे अभ्यर्थी से मोटी रकम लेते हैं और, मूल अभ्यर्थी के फोटो, पहचान पत्र एवं हस्ताक्षर की नकल कर 2 से 5 लाख दे कर स्कालर को उसकी जगह बैठा देते है।
जांच के क्रम में पुलिस को आरोपित के मोबाइल से सिद्ध हो गया कि अन्य साथियों के सहयोग से उसने नीट 2025 परीक्षा संबंधित कई परीक्षार्थियों का एडमिट कार्ड, आधार कार्ड, हस्ताक्षर, फोटो आदि का आदान प्रदान किया है।मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी है।
छापमारी दल में पुनि अजीत प्रसाद सिंह, पुलिस निरीक्षक-सह-थानाध्यक्ष मुफस्सिल, पुनि शिवपूजन कुमार, प्रभारी तकनीकी शाखा, पुनि चन्द्रकेतु कुमार, तकनीकी शाखा पु०अ०नि० प्रमोद कुमार मंडल, मुफ्फसिल थाना, पुअनि चन्द्रभूषण कुमार, मुफ्फसिल थाना, पुअनि, दीपक कुमार, मुफ्फसिल थाना, पुअनि, अमित कुमार, तकनीकी शाखा के अलावा सिपाही गौतम कुमार, मुफ्फसिल थाना, सिपाही यशवंत कुमार, मुफ्फसिल थाना एवं पीटीसी अखिलेश कुमार, तकनीकी शाखा शामिल थे।