
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 मुंगेर। “अपने 8 वर्षों के छोटे सफर में मुंगेर विश्वविद्यालय ने अपने सीमित साधन–संसाधनों के बावजूद कई आशातीत उपलब्धियां हासिल की हैं। आगे भी अपेक्षाकृत अधिक बेहतर करने का प्रयास कर रहा है। एनएसएस की मुंगेर विश्वविद्यालय इकाई राष्ट्रीय स्तर पर नित नए प्रतिमान गढ़ना हमारे प्रयासों की सफलता का आईना है।“
करेंगे नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का कार्य :
मुंगेर विश्वविद्यालय, मुंगेर के आठवें स्थापना दिवस समारोह को संबोधित करते हुए कुलसचिव डॉ. घनश्याम राय ने उक्त बातें कही। उन्होंने कहा कि, “आगे भी हम अपने दूरदर्शी व विद्वान कुलपति के नेतृत्व में तथा ऊर्जावान सहयोगियों के समेकित व सकारात्मक प्रयास से मुंगेर विश्वविद्यालय को भविष्य में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का कार्य करेंगे।”
8वें स्थापना दिवस पर भव्य समारोह का हुआ आयोजन :
बताते चलें कि, मुंगेर विश्वविद्यालय के आठवें स्थापना दिवस पर आरडी एंड डीजे कॉलेज, मुंगेर के ऑडिटोरियम में एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया। इस समारोह की अध्यक्षता मुंगेर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर डॉ संजय कुमार ने किया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में आरडी एंड डीजे कॉलेज के प्रधानाचार्य प्रो डॉ बिजेंद्र कुमार, मुंगेर विश्वविद्यालय के डीएसडब्ल्यू प्रो डॉ महेश्वर मिश्र और मुंगेर विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ घनश्याम राय मौजूद थे।
डॉ. कृपाशंकर पांडे व डॉ. रामरेखा ने किया संचालन :
स्थापना दिवस समारोह का आयोजन दो सत्रों में किया गया- प्रथम सत्र में औपचारिक उद्घाटन एवं द्वितीय सत्र में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उद्घाटन सत्र में कार्यक्रम का संचालन डॉ कृपाशंकर पांडे ने किया जबकि सांस्कृतिक कार्यक्रम का संचालन बीआरएम कॉलेज के डॉ रामरेखा ने किया। कार्यक्रम का संयोजन कार्यक्रम समन्वयक मुनींद्र कुमार सिंह ने किया।

विश्वविद्यालय के प्रमुख उपलब्धियों की विस्तृत चर्चा :
मंगलाचरण के बीच अतिथियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलन कर के साथ स्थापना दिवस समारोह के विधिवत उद्घाटन के पश्चात विश्वविद्यालय के कुलगीत के साथ समारोह की औपचारिक शुरुआत हुई। इस अवसर पर शॉल, स्मृति चिन्ह एवं बालवृक्ष प्रदान कर अतिथियों का स्वागत किया गया। स्वागत संबोधन के दौरान आरडी एंड डीजे कॉलेज के प्रधानाचार्य प्रो डॉ बिजेंद्र कुमार ने विश्वविद्यालय के प्रमुख उपलब्धियों की विस्तृत चर्चा की।
सभी आयामों पर निरंतर कार्यरत रहेगा विश्वविद्यालय :
स्थापना दिवस समारोह को संबोधित करते हुए डीएसडब्ल्यू प्रो डॉ महेश्वर मिश्र ने कहा कि, “किसी भी विश्वविद्यालय की पहचान नवाचार, शिक्षकों का समर्पण, छात्र-छात्राओं के सक्रिय योगदान, पाठ्येतर गतिविधियों से होती है। मुंगेर विश्वविद्यालय इन सभी आयामों पर निरंतर कार्यरत रहेगा।”
पीजी विभाग से अपेक्षा :
अपने अध्यक्षीय संबोधन में कुलपति प्रोफेसर डॉ संजय कुमार ने कहा कि, आठवां स्थापना दिवस से पूर्व पीजी विभागों में शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मियों को पद स्वीकृत कराने के बाद पोस्टिंग की गई है। हम आशा करते हैं कि, पीजी विभाग अपने कार्यों के प्रति समर्पण एवं शोध कार्यों की बदौलत विश्वविद्यालय की पहचान स्थापित करने में योगदान करेगा।
इंट्रर डिसीप्लिनरी प्रोजेक्ट पर कार्य करना जरूरी :
उन्होंने कहा कि, “विश्वविद्यालय में सेमिनार, कॉन्फ्रेंस, वर्कशॉप इत्यादि का आयोजन होना चाहिए। इंटर यूनिवर्सिटी में विश्वविद्यालय ने खेलकूद गतिविधियों में प्रतिभाग कर अपना सक्रिय योगदान दिखाया है। किसी भी विश्वविद्यालय को केंद्रीय या राज्य सरकार से ग्रांट तभी प्राप्त होता है जब इंट्रर डिसीप्लिनरी प्रोजेक्ट पर कार्य किया जाता है।”
75% उपस्थिति व ड्रेस कोड अनिवार्य :
इस दौरान उन्होंने शिक्षकों को इस कार्य हेतु प्रेरित किया। उन्होंने छात्र-छात्राओं के लिए क्लास में 75% उपस्थित एवं ड्रेस कोड को अनिवार्य बताया। सभी विभागों को समन्वय स्थापित कर विश्वविद्यालय को आगामी वर्षों में बेहतर करने के लिए उम्मीद जताया।
अभिजीत राज सम्मानित :
इस अवसर पर दिल्ली में कर्तव्य पथ पर गणतंत्र दिवस परेड 2026 में सफल प्रतिभाग करने वाले एनएसएस स्वयंसेवक कोशी कॉलेज खगड़िया के अभिजीत राज को राष्ट्रीय स्तर पर मुंगेर विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करने के लिए सम्मानित किया गया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में छात्र छात्राओं ने मन मोहा :
समारोह के दौरान सांस्कृतिक परिषद के संयोजक डॉ मृत्युंजय मिश्रा के नेतृत्व में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें छात्र –छात्राओं ने भाव नृत्य, एकल नृत्य, झिझिया, गजल, गरबा, लोकगीत और होरी गीत आदि की शानदार प्रस्तुति से उपस्थित उपस्थित प्राध्यापकों वो छात्र–छात्राओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। वे घंटों सम्मोहन की अवस्था में झूमते तालियां बजाते रहे।
सीनेट मेंबर, प्राध्यापक व छात्र-छात्राएं थे मौजूद :
कार्यक्रम को सफल बनाने में एनएसएस कार्यालय कर्मी भारती कुमारी, सौरभ शांडिल्य, सपनी आदि का अहम योगदान रहा। इस समारोह में धन्यवाद ज्ञापन कार्यक्रम समन्वयक मुनींद्र कुमार सिंह ने किया। कार्यक्रम में विभिन्न कॉलेजों के प्राचार्य, पीजी विभाग के विभागाध्यक्ष, सीनेट मेंबर, शिक्षक, शिक्षकेत्तर कर्मी और छात्र-छात्राएं, मीडिया कर्मी आदि मौजूद रहे।