
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। “मकर संक्रांति का पर्व सकारात्मकता और नई ऊर्जा का प्रतीक है। इस उपलक्ष्य में इस तरह के आयोजन सहयोगियों व कर्मियों को ऊर्जान्वित कर उनमें आपसी समन्वय और कार्यकुशलता को बढ़ाने में सहायक सिद्ध होते हैं।”
मकर संक्रांति के उपलक्ष्य में मिथिला दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड ‘सुधा डेयरी’ परिसर में आयोजित मिलन समारोह का उद्घाटन करते हुए मुख्य अतिथि जिलाधिकारी रौशन कुशवाहा ने उक्त बातें कही।
जिले की पहचान को कर रहा मजबूत सुधा डेयरी :
उन्होंने कहा कि, “मिथिला दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड न केवल क्षेत्र के किसानों को आर्थिक संबल प्रदान कर रहा है, बल्कि श्वेत क्रांति के जनक वर्गीज कुरियन के सपनों को साकार करते हुए जिले की पहचान को भी मजबूत कर रहा है।”

प्रबंध निदेशक व अध्यक्ष ने किया स्वागत :
बताते चलें कि मकर संक्रांति के उपलक्ष्य में सुधा डेयरी परिसर में परंपरानुसार भव्य मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सर्वप्रथम डेयरी के प्रबंध निदेशक आर.के. झा ने मुख्य अतिथि जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा का शॉल, पाग एवं पुष्प गुच्छ आदि से स्वागत अभिनन्दन किया।
उद्घाटन :
तत्पश्चात वैदिक मंत्रोच्चार के बीच श्री कुशवाहा संग प्रबन्ध निदेशक श्री झा और संघ के अध्यक्ष उमेश राय एवं अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर मिलन समारोह का विधिवत उद्घाटन किया।
जिलाधिकारी ने दी शुभकामना सहित बधाई :
इस दौरान जिलाधिकारी ने गुणवत्ता पूर्ण दूध एवं दुग्ध उत्पाद उपभोक्ताओं तक पहुंचाने और दुग्ध उत्पादकों के हित में तत्परता पूर्वक सक्रियता केलिए संगठन के प्रयासों की जम कर सराहना की। उन्होंने संगठन के सभी पदाधिकारियों, दुग्ध उत्पादकों और कर्मचारियों को मकर संक्रांति की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और उनके बेहतर भविष्य की कामना की।
सुधा डेयरी ने बनाया दूध और दही के बिक्री का कीर्तिमान :
समारोह के दौरान संगठन के प्रबंध निदेशक एवं अन्य अधिकारियों ने डेयरी की प्रगति और भविष्य की योजनाओं के बारे में भी संक्षिप्त जानकारी साझा की। इस क्रम में श्री झा ने बताया कि, “सुधा डेयरी ने इस वर्ष मकर संक्रांति के अवसर पर दही 9 लाख 41 हजार किलो एवं तरल दूध 21 लाख लीटर की रिकॉर्ड बिक्री कर नया कीर्तिमान बनाया है। उन्होंने कहा कि, “जिलाधिकारी का मार्गदर्शन और सहयोग जिले के पशुपालकों और सहकारी आंदोलन को नई दिशा प्रदान करेगा।”
मिलन समारोह में हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी जिले में पदस्थापित पदाधिकारी एवं कर्मचारियों के बीच विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। जिसमें रस्साकस्सी, दही खाओ प्रतियोगिता, म्युजिकल चेयर प्रतियोगिता शामिल थे। इन प्रतियोगताओं में सफल प्रतिभागियों को संघ के अध्यक्ष, डेयरी के प्रबन्ध निदेशक एवं निदेशक मंडल के सदस्यों ने पुरस्कृत किया।
कई पदाधिकारी व कर्मी थे मौजूद :
मौके पर जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, मिथिला डेयरी के विभिन्न विभागों के अध्यक्ष, बैंकों के प्रबंधक, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं भारी संख्या में संगठन से जुड़े कर्मी उपस्थित रहे।