किसानों को कृषि नवाचार व वैज्ञानिक तकनीकों की दी गई जानकारी

ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 डेस्क शिवाजीनगर। कृषि में लगातार हो रहे अनुसंधानो का ही परिणाम है कि आज की किसानों के लिए खेती अधिक सरल, सहज, कम लागत वाली तथा अधिक उत्पादन एवं मुनाफा देने वाली बनती जा रही है।
जिले के शिवाजीनगर प्रखंड मुख्यालय स्थित मनरेगा भवन में आयोजित गुड गवर्नेंस विषयक संगोष्ठी की अध्यक्षता करते हुए प्रखंड प्रमुख डॉ गोविन्द कुमार ने उक्त बातें कही।
उन्होंने कहा कि आज हाइब्रिड बीजों का प्रयोग, ड्रोन तकनीक के माध्यम से कीटनाशक एवं तरल उर्वरक का छिड़काव, जुताई में रोटावेटर एवं लेजर लेवलर का उपयोग, फसल कटाई में रीपर कम बाइंडर मशीन, सीड ड्रिल कम फर्टिलाइजर मशीन से एक साथ बीज एवं खाद की बुआई तथा वैज्ञानिक तरीके से तैयार वर्मीकंपोस्ट का प्रयोग किसानों की आय बढ़ाने में सहायक सिद्ध हो रहा है। ये सभी सुविधाएं उत्कृष्ट विज्ञान एवं निरंतर अनुसंधान का ही प्रतिफल हैं।
बताते चलें कि जिले के शिवाजीनगर प्रखंड मुख्यालय स्थित मनरेगा भवन सभागार में प्रखंड प्रमुख डॉक्टर गोविंद कुमार की अध्यक्षता की जय-जवान, जय-किसान, जय-विज्ञान, जय-अनुसंधान शीर्षक से गुरुवार को गुड गवर्नेंस विषयक एक दिवसीय संगोष्ठी का आयोजन किया गया।
जिसमें किसानों को कृषि क्षेत्र में हो रहे नवाचार, कृषक हितार्थ राज्य सरकार की योजनाओं, वैज्ञानिक प्रयासों व अनुसंधान सहित किसानों द्वारा अपनाई जा रही आधुनिक तकनीक एवं प्रणालियों की जानकारी दी गई।
इस अवसर पर सबसे पहले स्वागत सम्मान की औपचारिकता के बाद प्रखंड प्रमुख, उप प्रमुख एवं बीएओ सतीश कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया। कार्यक्रम का संचालन सहायक तकनीकी प्रबंधक अमरदीप शर्मा ने किया।
संगोष्ठी के दौरान किसानों के खेती से जुड़ी विभिन्न समस्याओं एवं जिज्ञासाओं का जनप्रतिनिधियों एवं कृषि पदाधिकारी ने विस्तार से समाधान किया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने किसानों को सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।
मौके पर कृषि समन्वयक मणिकांत चौधरी, कैलाश साहनी, पुरुषोत्तम कुमार, राकेश कुमार, पुष्पेश शुभ्रांशु के साथ किसान सलाहकार संजय कुमार, रमाकांत रमण, मुकेश कुमार सहित सैकड़ों प्रगतिशील कृषकों ने भाग लिया।