
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 डेस्क समस्तीपुर। जिले में विगत 5 दिनों से जारी घने कोहरे, भीषण ठंड, और कनकनी से फिलहाल राहत के आसार नहीं है। आज 5वें दिन भी कोल्ड डे की स्थिति बनी रही ठंड का कहर जारी रहा। सूर्य के दर्शन की आस में लोग अलाव के निकट या घरों में कंबल में दुबके रहे।
इस बाबत डॉ राजेन्द्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय पूसा के ग्रामीण कृषि मौसम सेवा एवं भारत मौसम विज्ञान विभाग के सहयोग से जलवायु परिवर्तन पर उच्च अध्ययन केंद्र द्वारा जारी आगामी 28 दिसम्बर, 2025 तक के मौसम पूर्वानुमान के अनुसार –
उत्तर-पश्चिम भारत में सक्रिय मौसमीय प्रणाली के प्रभाव तथा लगातार पछुआ हवाएँ चलने के कारण कोल्ड डे की स्थिति बनी रह सकती है जिसके कारण उत्तर बिहार के जिलों में 28 दिसंबर तक ठंड का प्रकोप बने रहने की संभावना है। सुबह के समय मध्यम से घना कुहासा छाया रह सकता है। आकाश में कहीं-कहीं आंशिक बादल आ सकते है तथा मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
इस अवधि में अधिकतम तापमान 16 से 17 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 9 से 11 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
पूर्वानुमानित अवधि में औसतन 5-6 कि०मी० प्रति घंटा की रफ्तार से पछिया हवा चल सकती है, जिससे ठंड और कनकनी बढ़ने की संभावना है। हालांकि 25-26 दिसंबर के आसपास कुछ जिलों में पुरवा हवा भी चल सकती है।
सापेक्ष आर्द्रता सुबह में 90 से 95 प्रतिशत तथा दोपहर में 45 से 50 प्रतिशत रहने की संभावना है।