
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 डेस्क समस्तीपुर। मनरेगा जैसी जन कल्याणकारी योजना को समाप्त करने का प्रयास देश के गरीब, मज़दूर और ग्रामीण जनता के हितों पर सीधा प्रहार है। साथ ही महात्मा गांधी जी के नाम को योजना से हटाने का प्रयास न केवल वैश्विक स्वीकार्यता प्राप्त आजादी के अग्रदूत महात्मा गांधी का अपमान है, बल्कि उनके विचारों और मूल्यों को मिटाने की साज़िश भी है। जिसे कांग्रेस पार्टी किसी भी सूरत में सफल नहीं होने देगी।
रविवार को मनरेगा को लेकर केंद्र सरकार के हालिया फैसले के विरोध में आयोजित प्रतिरोध सभा की अध्यक्षता और नेतृत्व करते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष अबू तमीम ने अपने संबोधन में उक्त बातें कही। अपने संबोधन में उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि केंद्र सरकार ने मनरेगा को कमजोर करने या समाप्त करने का प्रयास जारी रखा, तो कांग्रेस पार्टी देशव्यापी आंदोलन को और तेज़ करेगी।
बताते चलें कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के आह्वान पर एवं बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी के निर्देशानुसार समस्तीपुर ज़िला कांग्रेस कमिटी के तत्वावधान में केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा को निरस्त करने हेतु लाए गए विधेयक तथा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का नाम योजना से हटाने के षड्यंत्र के विरुद्ध एक विशाल प्रतिरोध मार्च एवं प्रदर्शन का आयोजन किया गया।
यह प्रतिरोध मार्च ज़िला कांग्रेस कार्यालय से प्रारंभ होकर शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए समाहरणालय पहुँचा, जहाँ यह एक सभा में तब्दील हो गया। सभा को संबोधित करते हुए श्री तमीम ने कहा कि सरकार के इस फैसले ने एक बार फिर उसके मजदूर विरोधी चरित्र और चेहरे को उजागर कर दिया है।
उन्होंने कहा कि इससे यह तो जाहिर हो गया कि इस सरकार को आम आदमी या मजदूर या फिर कर्मचारी से कोई मतलब नहीं है। यह सरकार नफरत की राजनीति करती है। सभा की समाप्ति के उपरांत महामहिम राष्ट्रपति को संबोधित एक स्मारपत्र ज़िला अधिकारी को सौंपा गया, जिसमें केंद्र सरकार से उक्त विधेयक को वापस लेने एवं मनरेगा योजना को यथावत रखने की मांग की गई।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमिटी के उपाध्यक्ष महेंद्र यादव, कामेश्वर पासवान, देविता कुमारी गुप्ता, महासचिव मुकेश कुमार चौधरी, विश्वनाथ सिंह हज़ारी, शशि भूषण राय, उपेंद्र नाथ तिवारी, राम विलास राय, प्रखंड अध्यक्ष उमेश चंद्र कुंवर, शंभु प्रसाद सिंह, आशुतोष कुमार, अब्दुल मालिक, विश्वनाथ महतो, समौली झा, अजीत कुमार सिंह, कपिलेश्वर कुंवर, उमा शंकर पासवान, दिनेश ठाकुर, एनएसयूआई ज़िलाध्यक्ष राजन कुमार वर्मा, मोईन रज़ा, फ़ैज़ अहमद फ़ैज़, अनिल कुमार कुशवाहा, शिव राम ठाकुर, भगवान लाल पासवान, अजय कुमार, वीरेंद्र राय, कुमार गौरव, सोहैल सिद्दीक़ी, सुशील कुमार राय, फूलेश्वर महतो, अमरजीत कुमार, श्याम सुंदर महतो, विजय कुमार शर्मा, कैलाश नाथ सिंह, कैलाश कुमार ठाकुर, राजेश कुमार गिरी, गोपाल प्रसाद, राज वीरेंद्र यादव, सुमित्रा देवी, मो० एहसान, उमा कांत राउत, उत्तम राय, अखिलेश ठाकुर, संतोष कुमार, अरुण कुमार, चंद्रेश्वर साहनी, अशोक कुमार, असगर अंसारी, इरफ़ान अंसारी, अमित कुमार दास, विकाश कुमार, लक्ष्मण सदा, अजीत कुमार, शाहनवाज हुसैन, उदय कांत चौधरी, शिवम कुमार, विशाल कुमार, बैधनाथ, राजेंद्र राय, मो० अरमान, यशपाल कुमार सिंह, मो० मुमताज़, मो० शमीम राजा आदि लोग मौजूद थें।