
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 डेस्क कल्याणपुर। युवाओं को हुनरमंद बनाकर उन्हें सीधे रोजगार से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है। ऐसे में रोजगार सह मार्गदर्शन मेला जैसे आयोजन की भूमिका अहम हो जाती है। इसलिए जीविका की यह एक अच्छी और सकारात्मक पहल है।
जीविका द्वारा जिले के कल्याणपुर प्रखंड में आयोजित दीन दयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना के तहत ‘रोजगार सह मार्गदर्शन मेला’ के दौरान उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए एसडीओ दिलीप कुमार ने उक्त बातें कही।
इस क्रम में उन्होंने जीविका दीदियों और संबंधित विभाग के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे मेलों से ग्रामीण क्षेत्रों में बेरोजगारी दर कम करने में काफी मदद मिलेगी।
बताते चलें कि जीविका कल्याणपुर के सौजन्य से आज बुधवार को कल्याणपुर प्रखंड में ग्रामीण बेरोजगार युवाओं के लिए ‘रोजगार सह मार्गदर्शन मेला’ का आयोजन किया गया। अतिथियों के स्वागत सम्मान की औपचारिकता के बाद एसडीओ सहित सभी पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया।
स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करने और उन्हें करियर के प्रति मार्गदर्शन देने के उद्देश्य से दीन दयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना के अंतर्गत आयोजित इस मेले में विभिन्न क्षेत्रों की कुल 13 नामचीन कंपनियों ने अपने स्टॉल लगाए जहां युवाओं ने अपनी योग्यता के अनुसार अलग-अलग पदों के लिए पंजीकरण कराया और साक्षात्कार की प्रक्रिया में भाग लिया। जिनमें से चयनित अभ्यर्थियों को अनुमंडल पदाधिकारी दिलीप कुमार ने ऑन स्पॉट नियुक्ति पत्र प्रदान किया।
इस संबंध में पदाधिकारियों ने बताया कि, इस तरह के रोजगार मेलों का आयोजन पूरे जिले में चरणबद्ध तरीके से आयोजित किया जाना है। जिला स्तर पर इस अभियान की शुरुआत के लिए कल्याणपुर को पहले केंद्र के रूप में चुना गया, जहाँ भारी संख्या में युवाओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
मेले में जीविका के प्रखंड परियोजना प्रबंधक, विभिन्न विभागों के कर्मी और भारी संख्या में अभ्यर्थी उपस्थित थे।