
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 डेस्क समस्तीपुर। जिला स्तरीय युवा महोत्सव 2025 के अंतर्गत विज्ञान मेला सह प्रदर्शनी का आयोजन इंजीनियरिंग कॉलेज, सरायरंजन में किया गया।
कला – संस्कृति एवं युवा कार्यक्रम पदाधिकारी जूही कुमारी तथा सरायरंजन के प्रखंड विकास पदाधिकारी सरायरंजन के साथ मुख्य अतिथि जिलाधिकारी रौशन कुशवाहा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर विज्ञान मेला का विधिवत उद्घाटन किया और विभिन्न विद्यालयों के बच्चों द्वारा प्रदर्शित परियोजनाओं और मॉडल का निरीक्षण किया।
इस विज्ञान प्रदर्शनी में जिले के कुल 14 विद्यालयों के छात्र–छात्राओं ने उत्साहपूर्ण भागीदारी दर्ज की थी और विभिन्न परियोजनाओं पर आधारित एक से बढ़कर एक मॉडल प्रस्तुत किए। इस प्रदर्शनी में विज्ञान के प्रति बच्चों की अभिरुचि के साथ साथ उनकी सूक्ष्म सूझ एवं नवाचार का उत्कृष्ट प्रदर्शन देखने को मिला।

इसी क्रम में पोद्दार इंटरनेशनल स्कूल समस्तीपुर के विद्यार्थियों ने भी अपना शानदार प्रदर्शन करते हुए “पावर लाइन प्रोटेक्टर” विषय पर अत्यंत रोचक और उपयोगी प्रोजेक्ट प्रस्तुत किया, जिसकी सभी उपस्थित अतिथियों व निर्णायकों ने सराहना की।
इस प्रतियोगिता में पोद्दार इंटरनेशनल स्कूल की ओर से अध्याधीन प्रतिभागी—आध्या, हर्षवर्धन, माखन, तनय और वेदांत—ने भाग लिया। विद्यालय की ओर से संपूर्ण टीम का नेतृत्व अध्यक्ष निधि कुमारी ने किया।
विज्ञान मेले का वातावरण नवाचार, उत्साह और तकनीकी सृजनशीलता से परिपूर्ण रहा, जिसने बच्चों को नई सोच और वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने के लिए प्रेरित किया।