

ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 डेस्क समस्तीपुर। पूर्व मध्य रेलवे के समस्तीपुर रेल मंडल ने छठ महापर्व के लिए यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए व्यापक कार्य योजना बना कर उसे लागू कर दिया है। मंडल रेल प्रबंधक के निर्देशानुसार पर्व से पहले और बाद की अवधि के लिए भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
इस क्रम में, मुंबई, दिल्ली, पंजाब, मद्रास, कोलकाता आदि राज्यों से आने वाले यात्रियों के लिए रेलवे स्टेशन पर अलग-अलग बैठने की व्यवस्था की गई है।
भीड़ की निगरानी सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से की जा रही है, ताकि बदमाशों और अराजक तत्वों पर नजर रखी जाय और किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
प्लेटफॉर्म और सर्कुलेटिंग एरिया की सफाई और मरम्मत की गई है, सभी अनावश्यक सामग्री हटाई गई है। यात्रियों के सुरक्षित आवागमन के लिए गड्ढों को भरकर समतल किया गया है। निर्माण स्थलों पर लाल रिबन और फ्लोरोसेंट बोर्ड से सुरक्षा घेराबंदी सुनिश्चित की गई है। प्रतीक्षालयों और कमरों में पर्याप्त पेयजल और प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
प्लेटफॉर्म और सर्कुलेटिंग एरिया में वाटर टैंकरों से पानी की आपूर्ति की जा रही है। छठ पर्व के दौरान रेलवे ट्रैक के आसपास स्थित घाटों और तालाबों की उचित बाड़बंदी भी की गई है, ताकि सुरक्षा बनी रहे। यात्रियों की भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त टिकट काउंटर खोले गए हैं।
आरक्षण काउंटरों पर कर्मचारियों की उचित तैनाती की गई है। तत्काल आरक्षण के दौरान प्रति पर्ची पर हस्ताक्षर के लिए कर्मचारी उपलब्ध रहेंगे। यात्रियों को सही जानकारी और सहायता प्रदान करने के लिए वाणिज्यिक कर्मचारियों और आरपीएफ की तैनाती के साथ ‘मे आई हेल्प यू’ काउंटर भी शुरू किए गए हैं।
प्लेटफॉर्मों और होल्डिंग एरिया के बीच भीड़ के प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग रास्ते बनाए गए हैं। वरिष्ठ नागरिकों की सुविधा के लिए पर्याप्त संख्या में व्हीलचेयरों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है।
सभी प्रमुख स्टेशनों पर सीसीटीवी की व्यवस्था की गई है। आरपीएफ नियंत्रण कक्ष 24 घंटे एक्टिव रहेगा। भीड़ को नियंत्रण के लिए माइकिंग की जाएगी। रेलवे स्टेशन डॉक्टरों की तैनाती की जाएगी।