
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 डेस्क समस्तीपुर। मैंने समस्तीपुर की बेटी होने के नाते समस्तीपुर में बदलाव का संकल्प लिया था। शिक्षा, स्वास्थ्य, सम्मान, सुविधा और रोजगार दिलाने तथा प्रतिभा व श्रम के पलायन पर अंकुश लगाने का संकल्प लिया था। ऐसे में किसी दल से टिकट मिलना नहीं मिलना कोई मायने नहीं रखता है।
शहर के पंचवटी चौक स्थित होटल मंगलम के अपने कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में समस्तीपुर की बेटी चेतना झांम ने बिहार विधानसभा चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन करने की घोषणा करते हुए उक्त बातें कही। इस दौरान उन्होंने बताया कि वे 16 अक्टूबर को औपचारिक रूप से अपना नामांकन दाखिल करेंगी।
चेतना झांब ने कहा कि जो स्नेह और आशीर्वाद मुझे समस्तीपुर की बेटी के रूप में जनता से मिला है, उन्होंने जो विश्वास मुझ पर किया है, मैं उसकी ऋणी हूँ और इस विश्वास को जीवनभर निभाऊंगी।उन्होंने आगे कहा कि “लोगों की इच्छा है कि मैं जैसी हूँ, वैसी ही रहूं और जनता की प्रतिनिधि बनकर उनकी बहन बेटी बन कर, जनता के बीच रहकर उनके हितों की लड़ाई लड़ूं।
जन सुराज से टिकट नहीं मिलने को लेकर संवाददाता के एक सवाल को टालते हुए उन्होंने कहा कि मुझे इसका कोई मलाल नहीं, यह उनका निर्णय है। मेरा चुनाव लड़ना किसी पद या प्रतिष्ठा की लड़ाई नहीं, बल्कि जनता की आवाज़ को विधानसभा तक पहुँचाने का संकल्प है। समस्तीपुर के विकास, महिलाओं की भागीदारी और युवाओं के सशक्तिकरण को वे अपने अभियान का मुख्य विषय बनाएंगी।
उन्होंने अंत में सभी नागरिकों, युवाओं, माताओं-बहनों और मीडिया प्रतिनिधियों से अपील की कि वे इस जनभागीदारी के अभियान में सहयोग दें और 16 अक्टूबर को उनके नामांकन अवसर पर उपस्थित होकर उनका हौसला बढ़ाएँ।