
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
समस्तीपुर। शनिवार को सांसद शाम्भवी चौधरी द्वारा आयोजित “भोला टाकीज आरओबी निर्माण कार्यारंभ समारोह” के साथ माहौल में हर्ष की जगह क्षोभ और आक्रोश छा गया।

दरअसल शहर के भोला टॉकीज गुमटी पर पुल निर्माण की घोषणा के साथ ही इसका श्रेय लेने की होड लग गयी। सभी जानते हैं स्थानीय विधायक अख्तरूल इस्लाम शाहीन के मैराथन प्रयास और पुर्व सांसद प्रिंस राज के निरंतर पत्राचार व स्थानीय लोगों के निरंतर संघर्ष का परिणाम है यह पुल। हलांकि सभी नेता यह भी कहते दिखे कि मैंने अपना दायित्व निभाया, श्रेय लेने में कोई दिलचस्पी नहीं।

बहरहाल सांसद बनने के साथ ही लोजपा रा नेत्री इसका श्रेय लेने में जुट गई। सत्ता धारी गठबंधन में होने के कारण यह कोई बड़ी बात नहीं है। विवाद तो तब शुरू हुआ जब प्रगति यात्रा के दौरान सीएम ने मुक्तापुर से ही मुक्तापुर और भोला टॉकीज गुमटी पर पुल का आनन फानन में शिलान्यास कर दिया।

शिलान्यास के साथ ही विधायक ने इसे चुनावी ड्रामा बता कर कहा कि पूल निर्माण का कार्यादेश जारी किए बिना शिलान्यास कोई मायने नहीं रखता। हलांकि कुछ दिनों बाद ही जिलाधिकारी ने भी पुल निर्माण पर लग रहे अटकलों को विराम देते हुए संवाददाता सम्मेलन बुला कर कहा था उक्त दोनो पुल बनेगा। सन् 2025 के अंत तक निर्माण कार्य जमीन पर दिखेगा। खबर भी छपी, लोग आश्वस्त भी हो गये।

इसी बीच अचानक नयी नवेली युवा सांसद ने पुल निर्माण के कार्यारंभ का उद्घाटन समारोह पूर्वक करने की घोषणा कर दी। इसके साथ ही श्रेय लेने की दिशा में एक नयी कोशिश शुरू हो गयी। जिसमें विधायक श्री शाहीन को धन्यवाद देता होर्डिंग शहर में लग गया। सोशल मीडिया में महापौर अनीता राम ने पुल निर्माण को सामुहिक प्रयास का सुफल बताया। रा लोजपा नेताओं ने इस केलिए पुर्व सांसद को बधाई दे डाली। माले नेता ने इस केलिए वर्तमान विधायक और पुर्व सांसद के अलावा शहर वासियों के संघर्ष पूर्ण प्रयास का परिणाम कह दिया।

इन तमाम दावे प्रतिदावे के बीच बिहार दिवस के अवसर पर सांसद ने कार्यारंभ का उद्घाटन कर दिया। अभी निर्माण स्थल पर पूल निर्माण सामग्री यथा छड, सीमेंट, गिट्टी नहीं होने से उद्घाटन का साक्षी बनने पहुंचे लोगों के मन में कई सवाल पैदा कर ही रहे थे कि कथित पूल निर्माण एजेंसी के संवेदक ने समारोह के दौरान यह कह कर कि अभी कार्यादेश नहीं मिला है, कार्यादेश मिलते ही पुल निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा सनसनी फैला दी।

संवेदक के ऐसा कहते ही सभा में मौजूद सभी अतिथि, दर्शक एवं स्थानीय लोग आश्चर्यचकित हो गये। सभी लोग एक-दूसरे की शक्ल देखने लगे। लोग सांसद द्वारा फर्जी रूप से कार्यारंभ का शिलान्यास करने से हतप्रभ हो गये। लोग कहते दिखे कि ये झूठा दिखावा कर सांसद ने हमारी भावना से खेला है।

इस पर भाकपा माले जिला स्थाई समिति सदस्य सह रेल विकास एवं विस्तार मंच के सदस्य सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि सांसद द्वारा फर्जी रूप से कार्यारंभ का उद्घाटन करने के मामले की जांच कर सांसद पर कारवाई करने की मांग कर डाली। साथ ही कहा कि समस्तीपुर वासियों से झूठ बोलने वाली सांसद शांभवी चौधरी को माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सांसद शांभवी चौधरी बड़बोली हैं। आये दिन उटपटांग बात बोलती रहती हैं।

वे पूरी तरह से भाजपाई रंग में रंग चुकी हैं, तभी धूमधाम से झूठ जनता के बीच परोस रही है। वे सस्ती लोकप्रियता पाने केलिए कभी कहती हैं उनके सासंद बनने के बाद देश में लोग समस्तीपुर को जानने लगे हैं तो कभी समस्तीपुर स्टेशन का नाम कर्पूरी ठाकुर के नाम पर रखने की हास्यास्पद ब्यान देकर अपने अक्षमता एवं, विभागीय एवं अपने क्षेत्र के बारे में अल्प जानकारी का परिचय दे रही हैं।
इसी बीच विधायक श्री शाहीन ने कहा कि पुल बनना तो निश्चित है, मगर पुल निर्माण कार्य आरंभ होने में समय लगना तय है। श्री शाहीन ने कहा कि कार्यादेश प्रक्रियाधीन है, और भूमि अधिग्रहण और भू स्वामी से एनओसी लेना बाकी है। इस केलिए वे प्रयासरत हैं। शीघ्र ही एनओसी केलिए लोगों को राजी कर लेंगे।
