
समस्तीपुर । सोशल मीडिया में भ्रष्ट अधिकारियों के अवैध उगाही से जुडे आडियो/वीडियो क्लिप वायरल करने का सिलसिला चल पडा है। जिसमें मामला निपटाने केलिए रिश्वत मांगने वाले पुलिसकर्मियों की संख्या बढ़ गई है। इससे जुड़े फोन कॉल के ऑडियो इन दिन खूब वायरल हो रहे हैं। हालांकि समस्तीपुर एसपी अशोक मिश्रा वायरल हो रहे ऑडियो की जांच व सत्यापन के बाद एक्शन भी ले रहे हैं।
अभी बुधवार को ऐसे ही एक मामले में एसपी श्री मिश्रा ने वायरल ऑडियो के जांच व सत्यापन के बाद जिले के लरझाघाट थाने में पदस्थापित एएसआई सुबोध कुमार को निलंबित किया था। यह मामला ठंडा भी नहं हुआ था कि इसी कडी मे एक और वायरल ऑडियो के सत्यापन के बाद कार्रवाई करते हुए उन्होंने गुरुवार 15 मई, 2025 की रात दलसिंहसराय थाने के डायल-112 वाहन पर तैनात एएसआई रामयश राय को निलंबित कर दिया है।
इस बाबत मिली जानकारी के मुताबिक एएसआई रामयश राय का गुरुवार को एक ऑडियो वायरल हुआ था, जिसमें ढ़ेपुरा गांव का एक युवक अपने परिवार के माता, पिता व भाई को सहित चार लोगों पर हुए केस में उनसे फोन करते हुए मुलाकात करने की बात कही। साथ ही तीन हजार रुपये देने की पेशकश की। इस पर रामयश राय ने कहा, तुम नेताजी से भेंट नहीं किए थे?
इसके बाद नेताजी भी फोन पर आ जाते हैं कहते हैं, इसको भेज रहे हैं तीन हजार लेकर। यह सुनते ही रामयश राय ने कहा, चार अभियुक्त हैं तो तीन हजार में कैसे होगा। 40 हजार होगा न। आप इसको बैठा के रखिए हम आते हैं। इस ऑडियो के वायरल होने के बाद एसपी श्री मिश्रा ने गुरुवार की रात एएसआई राय को निलंबित कर दिया व निलंबन की अवधि में उनका मुख्यालय पुलिस केंद्र समस्तीपुर निर्धारित किया गया है।