
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
दरभंगा। यह खबर दरभंगा और उसके आस-पास के लोगों के लिए खुशी और गर्व का विषय है कि शहर के ऐतिहासिक सी. एम. कॉलेज, दरभंगा (स्थापित 1938) को राष्ट्रीय मान्यता एवं प्रत्यायन परिषद (NAAC) द्वारा बी प्लस प्लस (B++) ग्रेडिंग से सम्मानित किया गया है।
इस ग्रेडिंग की घोषणा होते ही कॉलेज परिवार में जश्न का माहौल है | ज्ञात हो कि विगत 14 एवं 15 मई 2025 को नैक पीयर टीम द्वारा ऑनलाइन विजिट किया गया था और इस दो दिवसीय निरीक्षण के आधार पर कॉलेज को उत्कृष्ट ग्रेड बी प्लस प्लस से सम्मानित किया गया है।
उक्त जानकारी देते हुए कॉलेज के प्रधानाचार्य प्रोफेसर डाॅ. मुश्ताक अहमद ने कहा कि यह उपलब्धि कॉलेज के सभी शिक्षकों, कर्मचारियों, छात्रों और पूर्व छात्रों और विश्वविद्यालय प्रशासन, विशेष रूप से कुलपति प्रोफेसर संजय कुमार चौधरी के सामूहिक प्रयास का परिणाम है। नैक टीम ने कॉलेज के प्रशासनिक मामलों और ऑनलाइन विधि से पठन-पाठन की गुणवत्ता की समीक्षा की और इसकी रिकॉर्डिंग और अन्य कागजी साक्ष्यों के आधार पर कहा कि बिहार राज्य के सीएम कॉलेज, दरभंगा को ग्रेड दिया गया है।
प्रोफेसर अहमद ने कहा कि ऑनलाइन मोड में यह नैक ग्रेडिंग पाने वाला पहला कॉलेज है। उन्होंने कहा कि बिहार राज्य के कॉलेजों के लिए सबसे बड़ी समस्या शिक्षकों की कमी है जिसके कारण छात्रों और शिक्षकों का अनुपात बहुत कम है जिसके कारण ग्रेड प्राप्त करना मुश्किल है।
दूसरा महत्वपूर्ण कारण शिक्षकों द्वारा शोध कार्यों में रूचि न लेना तथा सेमिनार एवं परिचर्चा में भाग न लेना भी एक बड़ी समस्या है इसलिए बिहार राज्य के सभी महाविद्यालयों को इन कमियों को दूर करने का प्रयास करना चाहिए अन्यथा अन्य राज्यों की तुलना में बिहार राज्य में अच्छी ग्रेडिंग प्रभावित होती रहेगी।
विदित हो कि अब सभी विकास योजनाओं और अन्य नये कोर्स शुरू करने के लिए नैक ग्रेडिंग अनिवार्य कर दी गयी है. प्रोफेसर अहमद ने कहा सी एम कॉलेज, दरभंगा के सभी छात्रों, शिक्षकों और कर्मचारियों के लिए अच्छा ग्रेड प्राप्त करना गर्व का क्षण है। प्रोफेसर अहमद ने नैक की बेहतर ग्रेडिंग पाने पर कॉलेज परिवार को बधाई दी और उन सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया जिन्होंने नैक काय के लिए योगदान दिया है।