
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। उत्तर बिहार के प्रायः सभी जिलों में हाड़ कंपाने वाली ठंड से राहत के आसार नजर नहीं आ रहे, पछिया हवा के कारण कनकनी का दौर जारी रहने की संभावना है।
मौसम पूर्वानुमान :
डॉ. राजेन्द्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय पूसा के ग्रामीण कृषि मौसम सेवा, एवं भारत मौसम विज्ञान विभाग के सहयोग से जलवायू परिवर्तन पर उच्च अध्ययन केन्द्र द्वारा जारी मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 07 से 11 जनवरी 2026 के बीच उत्तर बिहार के जिलों में मौसम शुष्क बना रहेगा। इस दौरान हल्के बादल छाए रहने की संभावना जताई गई है।
क्या कहते हैं मौसम वैज्ञानिक :
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार लगातार चल रही पछुआ हवाओं और सामान्य से कम तापमान के कारण क्षेत्र में कंपकंपा देने वाली ठंड बनी रह सकती है। 8 जनवरी के आसपास एक बार फिर कोल्ड डे की स्थिति उत्पन्न होने की आशंका है, हालांकि दिन के समय आसमान साफ रहने से धूप की मौजूदगी कड़ाके की ठंड से मामूली राहत दे सकती है।
तापमान में गिरावट का सिलसिला रहेगा जारी :
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक पूर्वानुमानित अवधि में अधिकतम तापमान 15 से 18 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 7 से 8 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। इस दौरान 5 से 7 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पछुआ हवा चल सकती है। इस दौरान सुबह के समय सापेक्ष आर्द्रता 90 से 95 प्रतिशत जबकि दोपहर में 40 से 50 प्रतिशत के बीच रहने की संभावना है।
सतर्क रहें, सावधानी बरतें :
कडाके की हाड़ कंपाने वाली ठंड और कनकनी को देखते हुए विशेषज्ञों ने लोगों को सतर्क रहने तथा विशेष रूप से बच्चे, बुजूर्ग एवं बिमार लोगों के प्रति तमाम आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी है।
साथ ही वैज्ञानिकों ने पशुशाला को ढक कर तापामान बनाये रखने, और मवेसियों के बैठने केलिए पुआल, राख आदि का प्रयोग करने, की सलाह दी है।