
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 कल्याणपुर। प्रखंड के बिरसिंहपुर स्थित स्वायत्त एवं, नैक द्वारा बी प्लस प्लस ग्रेड प्राप्त संस्थान सेंट पॉल टीचर्स ट्रेनिंग कॉलेज, एवं पाठ्यक्रम समिति के संयुक्त तत्वावधान में विश्व प्रकृति संरक्षण दिवस एवं मतदाता साक्षरता जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं आमजन को पर्यावरण संरक्षण तथा लोकतंत्र में मतदान के महत्व के प्रति जागरूक करना था।
लोकतंत्र को बनाएं सशक्त :
इस अवसर पर प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण, जल संरक्षण, स्वच्छता तथा प्लास्टिक मुक्त जीवन का संदेश देते हुए लोगों से प्रकृति की रक्षा केलिए जिम्मेदार बनने और आगे आने का आह्वान किया। साथ ही मतदाता जागरूकता संबंधी बैनरों एवं नारों के माध्यम से लोगों को अपने मताधिकार का प्रयोग करने, निष्पक्ष एवं शत-प्रतिशत मतदान में भाग ले कर लोकतंत्र को सशक्त बनाने के लिए प्रेरित किया।
संदेश :
रैली के दौरान “पेड़ लगाएँ, पर्यावरण बचाएँ”, “प्रकृति हमारी धरोहर है”, “योर वोट, योर वॉइस, योर फ्यूचर” तथा “बी ए रिस्पांसिबल सिटीजन, मेक योर वोट काउंट” जैसे प्रेरक स्लोगन युक्त संदेशों के माध्यम से जागरूकता फैलाई गई।
कार्यक्रम की उपयोगिता :
इस अवसर पर महाविद्यालय प्रशासन ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और मतदान के प्रति जागरूकता, दोनों ही एक जिम्मेदार नागरिक के महत्वपूर्ण कर्तव्य हैं। ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में सामाजिक उत्तरदायित्व, पर्यावरणीय संवेदनशीलता एवं लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
योगदान :
कार्यक्रम के सफल आयोजन में महाविद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण, सह-पाठ्यक्रम समिति एवं सभी छात्र-छात्राओं का विशेष योगदान रहा।