
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 डेस्क समस्तीपुर।आगामी बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से, मोहनपुर स्थित होली मिशन परिसर में बुधवार को महिला मतदान पदाधिकारियों के लिए विशेष प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया।
इस सत्र में द्वितीय महिला मतदान पदाधिकारियों को मतदान प्रक्रिया की हर बारीकी से अवगत कराया गया, ताकि मतदान दिवस पर किसी प्रकार की चूक न हो। प्रशिक्षण का मुख्य केंद्र बिंदु रहा ‘मॉक पोल प्रक्रिया’। प्रशिक्षकों ने स्पष्ट निर्देश दिया कि मॉक पोल सुबह 05ः30 बजे पोलिंग एजेंटों की उपस्थिति में प्रारंभ किया जाए। यदि 05ः45 बजे तक दो एजेंट उपस्थित नहीं हों, तो भी सभी पोलिंग कर्मी संयुक्त रूप से मॉक पोल प्रारंभ करें, ताकि मतदान समय पर शुरू हो सके।
इस दौरान मतदान की पारदर्शिता और सटीकता सुनिश्चित करने के लिए ‘फॉर्म 17सी और ‘रजिस्टर 17ए के उपयोग पर विशेष जोर दिया गया। पदाधिकारियों को बताया गया कि मतदान समाप्ति के बाद कंट्रोल यूनिट (सीयू) में दर्ज कुल मतों की संख्या फॉर्म 17सी के कॉलम संख्या 6 में अवश्य दर्ज करें और उसकी प्रति प्रत्येक पोलिंग एजेंट को उपलब्ध कराएं।
यह कदम मतदान की पूर्ण पारदर्शिता का दस्तावेजी प्रमाण बनेगा। प्रशिक्षण सत्र का निरीक्षण नोडल पदाधिकारी सह जिला बंदोबस्त पदाधिकारी विजय कुमार, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (सर्व शिक्षा) मो. जमालुद्दीन, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (माध्यमिक शिक्षा) प्रेम शंकर झा, मुख्य मास्टर ट्रेनर सतीश कुमार यादव, तनवीर आलम तथा मीडिया प्रभारी सुभीत कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से किया।
प्रशिक्षण का संचालन मनिंद्र कुमार सिन्हा, मंगलेश कुमार और राकेश कुमार ने किया। इस दौरान मास्टर ट्रेनरों ने प्रतिभागियों को मतदान प्रक्रिया के प्रत्येक चरण की व्यावहारिक जानकारी दी।