
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 डेस्क विद्यापतिनगर । आगामी बिहार विधानसभा आम निर्वाचन, 2025 को लेकर समस्तीपुर जिले में मतदाता जागरूकता की लहर दौड़ पड़ी है।
इसी क्रम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला पदाधिकारी रोशन कुशवाहा के निर्देशन में चल रहे स्वीप (सिस्टमेटिक वोटर्स एजुकेशन एण्ड इलेक्ट्रोरल पार्टिसिपेशन) अभियान के तहत सोमवार को विद्यापतिनगर प्रखंड में जीविका समूह की महिलाओं द्वारा मतदाता जागरूकता रैली का आयोजन किया गया।
जिसमें हाथों में बैनर, पोस्टर और तख्तियाँ थामे सैकड़ों जीविका दीदियाँ पूरे जोश के साथ सड़कों पर उतरीं। इस दौरान दीदियों ने पूरे उत्साह के साथ “एक वोट से जीत-हार, वोट कोई न करे बेकार!” “06 नवंबर को करें मतदान, लोकतंत्र बने महान!” आदि नारे लगाए ।
इस अवसर पर जीविका परियोजना से जुड़ी पदाधिकारियों ने बताया कि “महिलाएँ आज सिर्फ परिवार ही नहीं, समाज में भी जागरूकता का प्रतीक बन चुकी हैं। उनके प्रयास से इस बार शत-प्रतिशत मतदान का लक्ष्य अवश्य पूरा होगा।
रैली के दौरान ग्रामीणों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया और प्रशासन के इस अभियान को जन आंदोलन का रूप देने का संकल्प लिया। जिला प्रशासन की यह पहल अब जन-जन तक पहुँच रही है, जिससे समस्तीपुर में मतदान प्रतिशत बढ़ाने की दिशा में एक मजबूत कदम उठ चुका है।