
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। खेल जीत-हार तक सीमित नहीं है। इससे अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास का विकास होता है। खिलाड़ियों को पूरी निष्ठा और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेना चाहिए। खेल भवन सभागार में सोमवार को जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता का उद्घाटन करते हुए डीडीसी सूर्य प्रताप सिंह ने उक्त बातें कही।
इस क्रम में उन्होंने कहा कि, हार और जीत खेल का हिस्सा हैं, जो महज आखिरी कुछ पलों में तय होते हैं। इसलिए ये आपकी क्षमता और कौशल का अंतिम मूल्यांकन नहीं हो सकते। इस दौरान श्री सिंह ने सभी प्रतिभागियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
1 अक्टूबर तक चलेगी प्रतियोगिता :
बताते चलें कि, जिले में विद्यालय स्तर की खेल प्रतिभाओं को मंच देने के उद्देश्य से सोमवार को जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता 2026-27 का शुभारंभ हुआ। खेल विभाग, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस चार दिवसीय प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न प्रखंडों के विद्यालयों से पहुंचे खिलाड़ी अलग-अलग खेल विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता 28 सितंबर से 1 अक्टूबर तक चलेगी।

प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ :
खेल भवन सभागार में आयोजित उद्घाटन समारोह में उप विकास आयुक्त सूर्य प्रताप सिंह, अपर समाहर्ता ब्रजेश कुमार, एडीएम आपदा राजेश कुमार सिंह, सदर एसडीओ राकेश कुमार, जिला आपूर्ति पदाधिकारी अली इकराम, एडीएमओ अनुष्का श्रीवास्तव एवं जिला कला संस्कृति पदाधिकारी जूही कुमारी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। इसके बाद खिलाड़ियों को खेल भावना की शपथ दिलाई गई। कबड्डी कोर्ट पर डीडीसी सूर्य प्रताप सिंह ने नारियल तोड़कर एवं खिलाड़ियों का परिचय प्राप्त कर प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया।

तीन स्थलों पर होंगी प्रतियोगिताएं :
जिला खेल पदाधिकारी विवेक कुमार शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता के दौरान खेल भवन में कबड्डी, ताइक्वांडो, कुश्ती एवं योग की स्पर्धाएं होंगी। पटेल मैदान में एथलेटिक्स के ट्रैक इवेंट, बैडमिंटन, फुटबॉल तथा क्रिकेट का ट्रायल आयोजित किया जाएगा। वहीं पोद्दार इंटरनेशनल विद्यालय में खो-खो की प्रतियोगिता होगी। पहले दिन अंडर-17 बालक एवं बालिका वर्ग के खिलाड़ियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में भाग लिया।
किया जाएगा प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन :
प्रतियोगिता में एथलेटिक्स, फुटबॉल, वॉलीबॉल, कबड्डी, खो-खो, बैडमिंटन, कुश्ती, रग्बी, बास्केटबॉल, ताइक्वांडो, कराटे, शतरंज, योग, क्रिकेट, वुशु, हैंडबॉल और हॉकी समेत विभिन्न खेलों को शामिल किया गया है। खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर आगे की प्रतियोगिताओं के लिए प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा।
45 शारीरिक शिक्षक तैनात :
आयोजन को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए जिला खेल कार्यालय की ओर से 45 शारीरिक शिक्षकों एवं सहायक शिक्षकों को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। खिलाड़ियों के आवागमन, प्रतियोगिता संचालन, अनुशासन और सुरक्षा को लेकर भी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।
