

ओईनी न्यूज नेटवर्क।
पूसा। डॉ राजेन्द्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय पूसा के पंचतंत्र भवन सभागार में विवि के कुलपति डॉ पीएस पांडेय ने विकसित कृषि संकल्प अभियान के सफल समापन के उपलक्ष्य में अभियान से जुड़ी समीक्षा बैठक का आयोजन किया। इस क्रम में उन्होंने इस अभियान से जुड़े सभी वैज्ञानिकों, कृषि विज्ञान केन्द्रों के प्रधान तथा सभी विषय वस्तु विशेषज्ञों के साथ अलग अलग बैठक की और सभी से फीडबैक लिया।
इस अवसर पर कुलपति डॉ पीएस पांडेय ने सभी वैज्ञानिकों के कार्यों की जम कर तारीफ की और कहा कि यह एक मेगा अभियान था जिसमें देश भर के वैज्ञानिक, कृषि पदाधिकारी और किसान एक साथ पंद्रह दिनों तक एक दूसरे के साथ अपने विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि बिहार का प्रदर्शन देश भर में सर्वश्रेष्ठ रहा है और बिहार की इस उपलब्धि में इस विश्वविद्यालय का अहम योगदान रहा है। इसकी सराहना अभियान से जुड़े दिल्ली के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी की है।
उन्होंने कहा कि इस अभियान के दौरान बहुत सारे डाटा इकट्ठा कर लिया गया है जिसका विश्लेषण किया जायेगा। विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों एवं विषय वस्तु विशेषज्ञों ने लगभग डेढ़ लाख से अधिक किसानों के साथ संवाद किया है। डॉ पांडेय ने कार्यक्रम के दौरान आये कुछ तकनीकी समस्याओं के बारे में भी विस्तार से चर्चा की और सभी वैज्ञानिकों से सचेत रहने को कहा ताकि आगे इस तरह की कोई समस्या न आये।
इस दौरान निदेशक प्रसार शिक्षा डॉ मयंक राय ने कहा कि किसानों की तरफ से मिले फीडबैक सभी संबंधित विभागों को भेजा जाएगा। कुलसचिव डॉ मृत्युंजय कुमार ने अभियान के दौरान जनप्रतिनिधियों के सहयोग की सराहना की और कहा कि विश्वविद्यालय को हमेशा जनप्रतिनिधियों का सहयोग मिलता रहता है।
विकसित कृषि संकल्प अभियान के नोडल पदाधिकारी डॉ रत्नेश झा ने कार्यक्रम के दौरान पंद्रह दिनों की गतिविधियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी और धन्यवाद ज्ञापन किया।