
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 डेस्क समस्तीपुर। पूर्व मध्य रेल के समस्तीपुर मंडल ने छठ महापर्व के दौरान यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए स्टेशनों पर सुरक्षित, सुगम और कुशल संचालन सुनिश्चित करने के लिए एक विस्तृत और बहु-स्तरीय भीड़ प्रबंधन योजना लागू किया है।
जिसके तहत मंडल रेल प्रबंधक के निर्देश पर नोडल अधिकारियों की नियुक्ति और 24×7 वॉर रूम के संचालन सहित कई महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं।
01) नोडल अधिकारी व वार रूम :—
इसके तहत मंडल के प्रमुख स्टेशनों पर भीड़ प्रबंधन के लिए वरीय मंडल वाणिज्य प्रंबंधक, वरीय मंडल इंजीनियर (स), वरीय मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर, वरीय मंडल विद्युत इंजीनियर/सा. तथा आरपीएफ कमांडेंट को नोडल अधिकारी बनाया गया है। चौबीसों घंटे निगरानी के लिए तैनात रहेंगे। वहीं मंडल नियंत्रण कार्यालय में तीन पालियों में 24×7 वॉर रूम संचालित की जाएगी। जिसमें पर्यवेक्षकों द्वारा कर्मचारियों की मैनिंग सुनिश्चित की जाएगी। भीड़ की निगरानी के लिए सभी प्रमुख स्टेशनों पर सीसीटीवी कैमरों को अनिवार्य रूप से क्रियाशील रखा जाएगा और डिविजनल कंट्रोल रूम/मुख्यालय कंट्रोल रूम में निगरानी किये जाएंगे ।
02) यात्री सुविधाएं और स्टेशन संचालन :—
क) मंडल के सभी महत्वपूर्ण स्टेशनों पर पर्याप्त होल्डिंग एरिया बनाये जा रहे हैं। जिनमे समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, बापूधाम मोतिहारी, सहरसा, जयनगर, रक्सौल, सुपौल, सीतामढ़ी तथा मधुबनी शामिल हैं। इन होल्डिंग क्षेत्रों को पीने का पानी, चार्जिंग पॉइंट, डिसप्ले बोर्ड, टिकटिंग, पंखे और अग्निशमन यंत्र जैसी बुनियादी सुविधाओं से लैस किया जायेगा।
ख) टिकट और आरक्षण काउंटरों पर भीड़ कम करने के लिए पर्याप्त संख्या में अतिरिक्त/आरक्षण काउंटर, ATVMs, m-UTS, और अतिरिक्त स्टाफ की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी।
ग) पर्याप्त संख्या में साइनेज बोर्ड और डिस्प्ले बोर्ड लगाए जाएंगे जिन पर हिंदी और स्थानीय भाषाओं में जानकारी उपलब्ध रहेगी। ट्रेनों के आगमन-प्रस्थान के समय और प्लेटफॉर्म की जानकारी के लिए प्लेटफॉर्म, सर्कुलेटिंग एरिया और पार्किंग एरिया में बार-बार और लगातार हिन्दी व मैथिली में भी उद्घोषणाएं की जाएंगी। वरिष्ठ नागरिकों तथा दिव्यांगजन के लिए पर्याप्त संख्या में व्हीलचेयर उपलब्ध कराए जाएंगे।
घ) स्टेशनों पर उचित सफाई सुनिश्चित करने के लिए कर्मचारियों की पर्याप्त तैनाती की जाएगी। लिफ्ट/एस्केलेटर को लगातार क्रियाशील रखा जाएगा।
3) सुरक्षा और संरक्षा :—
क) आरपीएफ और टीटीई की विशेष टीम प्लेटफार्मों पर तैनात की जाएगी। वाणिज्यिक अधिकारियों के स्क्वाड को टिकटों की कालाबाजारी और एंटी-सोशल तत्वों पर निगरानी के लिए तैनात किया जाएगा।
स्टेशन परिसर एवं आसपास के भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों के साथ-साथ फुट ओवर ब्रिज (FOB), प्लेटफॉर्म और सर्कुलेटिंग एरिया में आरपीएफ, जीआरपी, सिविल डिफेंस स्वयंसेवकों, और स्काउट्स एवं गाइड्स तैनात किये जाएंगे।
भीड़ प्रबंधन के लिए अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती के साथ साथ मेगा माइक और वॉकी टॉकी का उपयोग सुनिश्चित किया जायेगा जिससे सभी यात्री सूचनाओं को आसानी से सुन सकें।
इस अवधि में प्लेटफॉर्म, एफओबी और मध्य प्लेटफॉर्म पर पार्सल की लोडिंग और अनलोडिंग सख्त वर्जित रहेगी ताकि यात्रियों की आवाजाही में कोई बाधा न आए। वहीं यात्रियों को प्लेटफॉर्म पर अनावश्यक रूप से प्रवेश करने से रोकने के लिए प्लेटफॉर्म टिकटों के नियमन पर विचार किया जाएगा।
स्टेशनों पर फर्स्ट एड बॉक्स और होल्डिंग एरिया में फर्स्ट एड बूथ सुनिश्चित किए जाएंगे।
ए-1 और बी- श्रेणी के स्टेशनों पर डॉक्टर/ पैरा मेडिकल स्टाफ के साथ ‘मे आई हेल्प यू’ बूथ लगाए जाएंगे। स्टेशन पर अराजपत्रित कर्मचारियों की पर्याप्त तैनाती सुनिश्चित की जाएगी।
इतना ही नहीं अतिरिक्त यात्री भार के मद्देनजर चलाई जा रही विशेष ट्रेनों का व्यापक प्रचार-प्रसार अखबारों, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया और सोशल मीडिया के माध्यम से
ट्रेनों के समय-पालन को बनाए रखने के लिए स्टेशन प्रबंधक यह सुनिश्चित करेंगे कि प्लेटफॉर्म पर मेल/एक्सप्रेस/पैसेंजर ट्रेनों का पूर्व निर्धारित प्लेटफार्म न बदला जाए । स्टेशनों के कोचिंग यार्ड में ट्रेनों के पानी भरने की व्यवस्था तत्काल की जाएगी।
समस्तीपुर मंडल सभी यात्रियों से अपील करता है कि वे रेल प्रशासन का सहयोग करें और सुरक्षित और सुखद यात्रा के लिए दिये गये दिशानिर्देशों का पालन करें।