
Oini 24
ओईनी न्यूज नेटवर्क, खानपुर। मोदी जी बिहार की जनता से वोट लेकर गुजरात में फैक्ट्री लगा रहे हैं। बिहार ही नहीं पूरे देश का पैसा लेकर गुजरात के गांव-गांव में फैक्ट्री लगाई जा रही हैं और समस्तीपुर, खानपुर के बच्चे वहां जाकर मजदूरी करने को मजबूर हैं।
बिहार में आमूलचूल व्यवस्था परिवर्तन को को लेकर आरंभ ‘बिहार बदलाव यात्रा’ के तहत एक दिवसीय दौरे पर समस्तीपुर पहुंचे जन सुराज पार्टी के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने खानपुर मे आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए उक्त बातें कही।
प्रधानमंत्री मोदी पर हमलावर होते हुए उन्होंने कहा कि बिहार में वे पांच किलो अनाज की बात करते हैं, ट्रेन सुविधा की बात करते हैं मगर गुजरात में आईटी पार्क और फैक्ट्री की बात करते हैं।
इसके पुर्व पटना से समस्तीपुर के रास्ते में प्रशांत किशोर का विभिन्न स्थानों पर भव्य नागरिक अभिनंदन किया गया। इसी कड़ी में समस्तीपुर के इलमासनगर चौक, डेकारी चौक आदि स्थानों भी पर बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं और उनके समर्थकों ने ढोल- नगाड़ों के साथ फूल माला से लाद कर जोरदार स्वागत किया।
गाड़ियों के लंबे काफिले के साथ खानपुर के खतुआहा पहूंचने पर पार्टी के स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं ने शाॅल और माला पहनाकर स्वागत किया।
सभा को संबोधित करते हुए श्री किशोर ने जनता से पूछा कि जब वोट आपका है तो फैक्ट्री कहां लगनी चाहिए, गुजरात में या बिहार में? इसके साथ ही उन्होंने खानपुर की जनता से अपील की कि उन्हें और उनके बच्चों को लूटने वाले नेताओं को वोट न दें।
अगली बार अपने लिए अपने बच्चों के भविष्य केलिए वोट दें और बिहार में जनता का राज स्थापित करें। बिहार में व्यवस्था परिवर्तन कर जनता का राज स्थापित करने के लिए नेताओं का चेहरा देखकर वोट न करें।
उन्होंने कहा कि चुनाव में वोट लालू, नीतीश और मोदी के चेहरे पर नहीं अपने बच्चों के चेहरे को देखकर दीजिएगा। अगली बार अपने बच्चों की शिक्षा और रोजगार के लिए वोट करियेगा।
विदित हो कि जनसभा में हजारों की संख्या में लोग मौजूद थे। सुबह से ही बड़ी संख्या में युवा और महिलाएं जनसभा स्थल पर पहुंचने लगे थे और जन सुराज के सूत्रधार को सुनने के लिए उनमें व्यापक उत्साह देखा गया।
मौके पर जनसुराज जिलाध्यक्ष राज कपूर सिंह, राम बालक पासवान, अमर कुमार राय, सुन्देश्वर राम, शैलेश कुमार सिंह सहित कई नेता व कार्यकर्ता मौजूद थे।