
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। शनिवार को अनुमंडल कार्यालय परिसर में अनुमंडल पदाधिकारी दिलीप कुमार के नेतृत्व में भरण-पोषण से संबंधित मामलों को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। जिसमें विशेष रूप से वृद्ध माता-पिता एवं जरूरतमंद व्यक्तियों की भरण पोषण से संबंधित समस्याओं पर विस्तृत चर्चा की गई।
लापरवाही बर्दाश्त नहीं :
बैठक के दौरान श्री कुमार ने उपस्थित व्यक्तियों से क्रमवार उनकी समस्याओं की जानकारी ली तथा उनके समाधान हेतु संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस क्रम में उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि, समाज के कमजोर एवं असहाय वर्गों को समय पर न्याय एवं सहायता प्रदान करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। भरण-पोषण से जुड़े मामलों का त्वरित एवं निष्पक्ष निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”
पीड़ितों को अविलंब राहत प्रदान करना करें सुनिश्चित :
श्री कुमार ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि, “इस तरह के सभी मामलों का शीघ्र निपटारा करते हुए पीड़ितों को अविलंब राहत प्रदान करना सुनिश्चित किया जाए।” बैठक में उपस्थित लोगों ने अपनी समस्याओं को सीधे प्रशासन के समक्ष रखने के इस प्रयास की सराहना की तथा अनुमंडल पदाधिकारी के प्रति आभार व्यक्त किया।