
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 डेस्क समस्तीपुर। संगीत के आदि गुरू देवाधिदेव महादेव बाबा थानेश्वर नाथ को समर्पित तीन दिवसीय बाबा थानेश्वर नृत्य महोत्सव, शुक्रवार को भव्य कलश यात्रा और बाबा थानेश्वर नाथ के अभिषेक के साथ, आरंभ हो गया।
इस अवसर पर तीन दिवसीय महोत्सव के पहले दिन आयोजक युवा कलाश्रम के तत्वावधान में गाजे-बाजे व झांकियों से सजी भव्य कलश यात्रा निकाली गई। जिसमें सैकड़ो की संख्या में महिला पुरुष व बाल श्रद्धालुओं का जत्था मथुरापुर के बूढ़ी गंडक स्थित प्रधान घाट से कलश में जल धारण कर चीनी मिल चैक, पटेल मैदान गोलंबर होते हुए बाबा थानेश्वर के मंदिर पहुंच कर देवाधिदेव का जलाभिषेक किया।

इस क्रम में बैंड, बाजा, ट्रॉली के साथ बग्घी पर बाबा थानेश्वर की भव्य तस्वीर और दूसरी बग्घी पर शंकर-पार्वती की भव्य झांकी सजी थी। महादेव के अभिषेक के उपरांत ख्याति प्राप्त कथक कलाकार लक्ष्मण कुमार ने रुद्राभिषेक एवं पूजन हवन किया।
अभिषेक, पूजन हवन के उपरांत युवा कलाश्रम के सचिव लक्ष्मण कुमार ने बताया कि आज शाम बाबा के श्री चरणों में तीन दिवसीय महोत्सव की प्रथम प्रस्तुति अर्पित की जाएगी। जिसमें कलाश्रम के बच्चों के अलावा कई स्थानीय कलाकार शिरकत करेंगे।

मौके पर बाबा थानेश्वर की पूजा अर्चना करने में शहर के पशु प्रेमी महेंद्र प्रधान, शंकर प्रसाद साह, शंकर महतो, मनोज जायसवाल, सतीश झा एवं प्रियंका कुमारी आदि सैकडो श्रद्धालू मौजूद रहे।